इंदौर । बर्फानी धाम के पीछे स्थित गणेश नगर में माता केशरबाई रघुवंशी धर्मशाला परिसर के शिव-हनुमान मंदिर की साक्षी में ब्रह्म ऋषि स्वामी बर्फानी दादा महाराज की प्रेरणा से गुरुवार 1 जनवरी से शुकवार 9 जनवरी तक होने वाली श्रीराम कथा के लिए ध्वजा पूजन का आयोजन 25 दिसम्बर को सुबह 11 बजे विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंगलाचरण के बीच होगा। संगीतमय कथा प्रख्यात रामकथा मर्मज्ञ आचार्य पं. मनोज भार्गव के श्रीमुख से अंग्रेजी नववर्ष के पहले दिन से प्रतिदिन दोपहर 1 से सायं 5 बजे तक होगा। माता केशरबाई रघुवंशी धार्मिक एवं पारमार्थिक न्यास के अध्यक्ष तुलसीराम-सविता रघुवंशी एवं संयोजक रेवतसिंह रघुवंशी ने बताया कि नववर्ष के उपलक्ष्य में पिछले 25 वर्षों से यहां नियमित रूप से कथा सत्संग का आयोजन जारी है। 1 जनवरी से शुरू होने वाली इस कथा में शहर के अनेक धार्मिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। कथा में 1 जनवरी को रामायण महात्यम एवं सती चरित्र, 2 को शंकर पार्वती विवाह, 3 को श्रीराम जन्म महोत्सव, 4 को श्रीराम सीता विवाह, 5 को श्रीराम वन गमन एवं केवट संवाद, 6 को भरत चरित्र, 7 को पंचवटी निवास, गिद्धराज एवं शबरी चरित्र, 8 को श्रीराम –सुग्रीव मित्रता, 9 को रावण वध एवं रामराज्याभिषेक प्रसंगों की संगीतमय कथा होगी। गुरुवार 25 दिसम्बर को कथा स्थल पर सुबह 11 बजे ध्वजा रोहण एवं ध्वजा पूजन होगा। कथा में प्रमुख उत्सव भी मनाए जाएंगे। कथा का शुभारंभ नववर्ष के पहले दिन शिव-हनुमान मंदिर से सुबह 11 बजे शोभायात्रा के साथ होगा।
