10 हजार घरों तक आटा, दाल, चावल और तेल सहित राशन सामग्री पहुंचाई गई

इंदौर ।
पीड़ित मानवता की सेवा और सेवा ही धर्म के अपने संकल्प के अनुरूप शहर के अग्रवाल समाज की केन्द्रीय समिति ने गुरुवार को भागीरथपुरा बस्ती में पहुंचकर हाल ही हुई त्रासदी से जूझ रहे परिवारों के लिए नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला एवं पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय की प्रेरणा से केन्द्रीय समिति के प्रमुख संरक्षक एवं समाजसेवी विनोद अग्रवाल तथा समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद गोयल के मार्गदर्शन में 10 हजार घरों तक 5 किलो आटा, 2 किलो तुअर दाल तथा चावल एवं तेल सहित राशन सामग्री पहुँचाने का सेवा प्रकल्प चलाया। इस अवसर पर अग्रवाल समाज से जुड़े सभी प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी भी भागीरथपुरा स्थित पानी की टंकी के नीचे आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।
अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के प्रमुख संरक्षक विनोद अग्रवाल, अध्यक्ष प्रेमचंद गोयल एवं पूर्व अध्यक्ष गोविंद सिंघल ने बताया कि शहर के अग्रवाल समाज ने हमेशा आपदा के समय में पीड़ित परिवारों की मदद के लिए अपने हाथ आगे बढ़ाए हैं। देश में जब-जब त्रासदी और आपदा के दुर्भाग्यपूर्ण अवसर आए है, अग्रवाल समाज ने अपने सामर्थ्य के अनुसार मदद पहुंचाई है। हाल ही शहर की भागीरथपुरा बस्ती में हुई त्रासदी से पीड़ित परिवारों के लिए भी जब शहर के जनप्रतिनिधियों ने अग्रवाल समाज के बंधुओं से मदद के लिए आग्रह किया तो समाज की केन्द्रीय समिति ने तत्काल भागीरथपुरा के 10 हजार परिवारों के लिए आटा, दाल, चावल एवं तेल सहित राशन सामग्री पहुंचाने का निर्णय लिया और गुरुवार की सुबह पानी की टंकी के नीचे आयोजित कार्यक्रम में बस्ती के पीड़ित परिवारों को आमंत्रित कर उक्त राशन सामग्री से भरी किट्स भेंट की गई।
इस अवसर पर विधायक रमेश मेंदोला, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर एवं क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के पदाधिकारियों में टीकमचंद गर्ग, जगदीश बाबाश्री, विष्णु बिंदल, पवन सिंघानिया मोयरा, रमेश मित्तल मेडीकैप्स, नितिन अग्रवाल महू, नीलेश अग्रवाल सजनप्रभा, अविनाश अग्रवाल ओएस्टर, राजेश बंसल, प्रकाश मोमबत्ती, जगदीश गोयल, शैलेन्द्र सिंघल तथा अग्रसेन यूथ क्लब के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता, सचिव सौरभ बालाजी, पुनीत गर्ग, आयुष जिंदल, पुष्पा गुप्ता, राजेश इंजीनियर, पिंकी अग्रवाल, केके गोयल सहित बड़ी संख्या में समाज बंधुओं ने पीड़ित परिवारों को राशन सामग्री भेंट की। विधायक रमेश मेंदोला एवं पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने अग्रवाल समाज के सेवा कार्यों की खुलेमन से सराहना की। समाज बंधुओं ने पीड़ित और प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता करने का संकल्प व्यक्त किया।
