संस्था सेवा सुरभि, जिला प्रशासन, इंदौर पुलिस, नगर निगम एवं इ.वि. प्रा. की सहभागिता में 30 जनवरी तक होंगे 10 विशिष्ट आयोजन

इंदौर। गणतंत्र दिवस पर पिछले 23 वर्षों से लगातार “झंडा ऊँचा रहे हमारा“ अभियान की प्रवर्तक संस्था सेवा सुरभि के तत्वावधान में जिला प्रशासन, इंदौर पुलिस, नगर पालिक निगम और इंदौर विकास प्राधिकरण के साथ इस बार अभियान का शुभारम्भ गुरुवार 15 जनवरी को सुबह 10 बजे रीगल चौराहे पर इंडिया गेट की प्रतिकृति की स्थापना और दोपहर 3 बजे रेसकोर्स रोड स्थित बास्केटबाल काम्प्लेक्स पर इंदौर मैनेजमेंट एसोसिएशन और गीता रामेश्वर ट्रस्ट की सहभागिता में देश के प्रख्यात सेलेब्रिटी लेखक और स्तंभकार चेतन भगत के व्याख्यान के साथ होगा। चेतन भगत एक नागरिक के रूप में “मैं क्या कर सकता हूँ?” विषय पर शहर के 20 मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों को प्रेरक व्याख्यान देंगे। “झंडा ऊँचे रहे” अभियान के अंतर्गत इस बार कुल 10 प्रमुख आयोजन होंगे। इंडिया गेट पर प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे तक स्कूली बच्चे आकर राष्ट्र भक्ति से प्रेरित विभिन्न प्रस्तुतियां देंगे।
अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए सांसद शंकर लालवानी, सेवा सुरभि के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा एवं सचिव कुमार सिद्धार्थ ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 16 जनवरी को एसजीएसआईटीएस के एनसीसी और एनएसएस के कैडेट्स के द्वारा सुबह 8.30 बजे से कॉलेज प्रांगण से मार्चपास्ट कर इंडिया गेट पहुंचकर अनाम शहीदों को जैन इंजीनियर सोसाइटी के सहयोग से आदरांजलि प्रस्तुत करेंगे। 17 जनवरी को सुबह 8.30 बजे गाँधी हॉल से अल्पसंख्यक समुदाय के हजारों स्कूली बच्चों की रैली प्रारंभ होकर इंडिया गेट पहुंचेगी। 17 जनवरी को ही पुणे के कलाकारों द्वारा “भारत हमको जान से प्यारा है” संगीत संध्या में रवीन्द्र नाट्यगृह में प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस कार्यक्रम में रंग-ए-महफ़िल, वन बंधु परिषद इंदौर चैप्टर की भी सहभागिता होगी। यह आयोजन केवल आमंत्रितों के लिए होगा। सोमवार 19 जनवरी को सुबह 10 बजे रेसीडेंसी एरिया स्थित सन्मति हा.से. स्कूल की सहभागिता में “पर्यावरण में पेड़ और तितलियों का सम्बन्ध” विषय पर पर्यावरणविद डॉ. ओपी जोशी एवं डॉ. किशोर पंवार दिलचस्प जानकारियां देकर छात्रों से संवाद करेंगे। मंगलवार 20 जनवरी को गीता रामेश्वर ट्रस्ट के सहयोग से जाल सभागृह में सुबह 9 बजे से शहर के 15 प्रमुख स्कूलों के छात्र-छात्राएं अंतरविद्यालयीन देश भक्ति संगीत स्पर्धा में अपनी प्रस्तुतियां देंगे। बुधवार 21 जनवरी को शाम 7.30 बजे स्टेट प्रेस क्लब और अभिनव कला समाज द्वारा गाँधी हॉल स्थित अभिनव कला समाज के सभागृह में अंधविश्वास पर प्रहार करने वाले स्वदेश दीपक द्वारा लिखित और अर्जुन नायक द्वारा निर्देशित नाटक “बाल भगवान” का मंचन नटराज थिएटर ग्रुप एवं ग्रुप एंड फिल्म प्रोडक्शन की ओर से किया जाएगा। शनिवार 24 जनवरी को शाम 4 बजे शहर के यातायात परिदृश्य और समाधान विषय पर इंदौर प्रेस क्लब की सहभागिता में प्रेस क्लब के राजेंद्र माथुर सभागृह में बेंगलुरु के इंस्टिट्यूट ऑफ़ साइंस एंड रिसर्च सेंटर के निर्देशक आशीष वर्मा अपनी बात रखेंगे।
रविवार 25 जनवरी को गणतंत्र दिवस की पूर्व बेला में शाम 6 बजे प्रीतमलाल दुआ सभागृह में देवास जिले के शहीद सैनिक संजय मीना के परिजनों का सम्मान किया जाएगा जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में प्रख्यात गायिका स्मिता मोकाशी के शिष्यों द्वारा राष्ट्रीय गीतों की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। इसी दिन शाम 7.30 बजे से रीगल चौराहा स्थित इंडिया गेट की प्रतिकृति पर शहर के नागरिकों द्वारा अनाम शहीदों के नाम श्रद्धा की एक मोमबत्ती लगाने का व्यापक आयोजन बीएसएफ बैंड की शानदार प्रस्तुति के बीच होगा। शुकवार 30 जनवरी को सुबह 10 बजे शहीद दिवस पर “मोहन से महात्मा” शीर्षक से प्रीतमलाल दुआ सभागृह में दास्तानगोई में सुश्री भारती दीक्षित विशेष प्रस्तुति देंगी।
अभियान की व्यापकता को देखते हुए एक समन्वय समिति का गठन किया गया है जिसमें अरविन्द जायसवाल, मोहित सेठ, निकेतन सेठी, अनिल गोयल, नेमीचंद जैन, मनीष ठक्कर, अरविन्द तिवारी, अतुल सेठ, प्रवीण खारीवाल, कमल कलवानी एवं चांदमल जैन शामिल हैं। संस्था द्वारा प्रवर्तित और संचालित “झंडा ऊँचा रहे हमारा” अभियान एक ऐसा अनूठा उत्सव है जो नागरिकों को देश भक्ति , संस्कृति, नागरिक बोध, यातायात और पर्यावरण पर केन्द्रित 10 विशिष्ट आयोजनों के माध्यम से चेतना एवं स्कूली बच्चों को देश भक्ति से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासशील है। देश में एकमात्र इंदौर ही ऐसा शहर और एकमात्र सेवा सुरभि ही ऐसी सामाजिक संस्था है जो पिछले 24 वर्षों से गणतंत्र दिवस उत्सव के तहत इतने विशिष्ट आयोजन करती आ रही है। इस बार भी यह उत्सव पूरे उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। संभागयुक्त सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा एवं शहर के सभी जनप्रतिनिधियों ने भी नागरिकों से इस रचनात्मक आयोजन में शामिल होने का आग्रह किया है।
