
जाने-माने भजन गायक करेंगे भक्ति रस की अमृत वर्षा – बाबा की पवन ज्योत एवं 56 भोग सहित होंगे अनेक आकर्षण
इंदौर ।
एबी रोड मालवीय नगर स्थित खाटू श्याम मंदिर पर 23वें बसंतोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। शुक्रवार 23 जनवरी को को मंदिर के स्थापना दिवस पर सुबह 9 बजे मालवीय नगर स्थित मंदिर से भव्य श्याम रथयात्रा निकलेगी, वहीं रविवार 25 जनवरी को बर्फानी धाम के पास स्थित कमल नयन उपवन पर भव्य और दिव्य भजन संध्या होगी। भजन संध्या में फतेहाबाद हरियाणा के नरेश नरसी, दिल्ली के मास्टर श्याम और इंदौर के रवि शर्मा अपनी मनोहारी प्रस्तुतियां देंगे। इस मौके पर बाबा की पावन ज्योत, छप्पन भोग, मोर छड़ी के चमत्कार एवं पुष्प-इत्र की बौछारों सहित अनेक ऐसे आकर्षण होंगे जो इस भजन संध्या में भी देखने-सुनने को मिलेंगे।
खाटू श्याम सेवक मंडल के संरक्षक मदनलाल शर्मा ने बताया कि शुक्रवार 23 जनवरी को सुबह 9 बजे सुसज्जित रथ पर विराजित श्याम प्रभु की रथयात्रा मंदिर पर आरती के पश्चात गाजे-बाजे के साथ निकाली जाएगी, जो मंदिर से प्रारंभ होकर नादिया नगर, अटल द्वार पाटनीपुरा, भमोरी होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी। मंदिर में आरती और प्रसाद वितरण होगा। श्याम रथयात्रा का मार्ग में अनेक मंचों से स्वागत होगा। इसके साथ ही मंदिर स्थित राम दरबार, शिव दरबार, निराले हनुमान दरबार, तेजाजी दरबार, शीतलामाता दरबार एवं शनिदेव दरबार सहित विभिन्न देवी-देवताओं का पुष्प बंगला भी कोलकाता एवं दिल्ली से बुलवाए गए विभिन्न किस्मों के 5 क्विंटल फूलों से श्रृंगारित किया जाएगा।
इस बार जो फूल बुलवाए गए हैं, उनमें इंथोरियम, गेंदा, गुलाब, जिप्सो, रजनीगंधा, कार्नेशन, आर्केड, जर्बरा, सेवंती और बिजली के फूल प्रमुख हैं। मंदिर से जुड़े पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में महोत्सव की जोरदार तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार 25 जनवरी को श्याम भजन संध्या का दिव्य आयोजन शाम 5.15 बजे से बर्फानी धाम के पास पानी की टंकी के सामने कमल नयन उपवन, एम आर -9 पर होगा, जिसमें नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, निगम सभापति मुन्नालाल यादव, समाजसेवी बालमुकुन्द सोनी, श्रीमती मनीषा कालू गागोरे एवं पार्षद पुष्पेन्द्र पाटीदार सहित अनेक विशिष्टजन अतिथि के रूप में शामिल होंगे। महोत्सव में श्याम सखा मंडल, श्याम प्रेम मंडल एवं शहर तथा राज्य के अनेक श्याम भक्तों के संगठनों की भी भागीदारी रहेगी।
