
इंदौर
पश्चिम क्षेत्र स्थित दास हनुमान बगीची पर चल रहे जय सियाराम बाबा मूर्ति अवतरण महोत्सव में मंगलवार सुबह से राम रामायण मंडल का वार्षिकोत्सव प्रारंभ हुआ। जय सियाराम बाबा स्मृति ट्रस्ट के कैलाश कुसुमाकर, वीरेन्द्र गुप्ता एवं मंदिर के पुजारी पं. देवेन्द्र तिवारी ने रामायण पाठ में शामिल भक्तों की अगवानी की।
ट्रस्टी वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि सुबह रामचरितमानस का अखंड पाठ प्रारंभ हुआ जिसकी पूर्णाहुति शाम 6 बजे हुई। इस अवसर पर मंदिर स्थित हनुमानजी की चमत्कारिक प्रतिमा एवं जय सियाराम बाबा की प्रतिमा का नयनाभिराम श्रृंगार भी आकर्षण का केंद्र बना रहा। मंगलवार को ही रात 8 बजे से शहर के करीब 10 रामायण मंडलों एवं भजन मंडलों द्वारा पूरी रात भजनों की प्रस्तुतियां हनुमानजी एवं जय सियाराम बाबा को समर्पित करने का अनूठा आयोजन भी प्रारंभ हुआ जिसका समापन बुधवार की सुबह 6 बजे होगा। शहर में एक साथ 10 रामायण एवं भजन मंडलों की प्रस्तुतियों का यह संभवतः पहला मौका है। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी बनी हुई है। बुधवार 14 जनवरी को दोपहर 2 बजे से 108 सुंदरकाण्ड पाठ द्वारा हवन प्रारंभ होगा जिसकी पूर्णाहुति के बाद महाआरती एवं चालित प्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा। बाबा की मूर्ति का पाटोत्सव भी यहाँ 14 जनवरी से 20 जनवरी तक धूमधाम से मनाया जाएगा।
