इंदौर
राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर रिश्तों के कत्ल की कोशिश और मारपीट का मामला सामने आया है। दो प्लॉटों में से एक को बेचने की बात को लेकर सगे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने अपने छोटे भाई को सरेराह गालियां दीं और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर आरोपी भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, घटना अमर पैलेस कॉलोनी की है। यहाँ रहने वाले विजय पिता सुनील शर्मा ने थाने पहुँचकर अपने बड़े भाई जितेंद्र शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि उनके पास दो प्लॉट हैं। विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक प्लॉट को बेचने की बात सामने आई। इसी बात को लेकर आरोपी भाई आवेश में आ गया और अपने छोटे भाई के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। विवाद के दौरान आरोपी ने फरियादी को गालियां दीं और जब फरियादी ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी जितेंद्र ने अपने छोटे भाई को सरेआम जान से मारने की धमकी भी दी।
