इंदौर
गांधी नगर थाना इलाके के एक गांव में किसान द्वारा आत्महत्या करने का दुखद मामला सामने आया है। 35 वर्षीय किसान ने मंगलवार शाम अपने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना उस समय उजागर हुई जब उसकी पत्नी और बच्चे खेत से काम कर घर वापस लौटे। मृतक की पहचान अर्जुन पिता रामरतन मकवाना(35) के रूप में हुई है। अर्जुन के परिजनों ने बताया कि वह शुरू से ही खेती-किसानी का काम करता था। मंगलवार को वह खेत पर ही था और परिजनों से यह कहकर घर आया था कि वह लाइट सुधारने जा रहा है। शाम के समय आसपास के लोगों ने भी उसे लाइट सुधारते हुए देखा था। शाम करीब 7 बजे जब उसकी पत्नी और बेटी खेत से घर पहुँचे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो अर्जुन के बड़े भाई को बुलाया गया। दरवाजा तोडक़र जब परिजन अंदर दाखिल हुए, तो अर्जुन फंदे पर लटका हुआ मिला। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं, जिसके बाद परिजन उसे आननफानन में गाड़ी से अस्पताल लेकर भागे। हालांकि, अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।अर्जुन के परिवार में उसकी पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी है। बताया जा रहा है कि अर्जुन के माता-पिता वर्तमान में धार में हैं, जहाँ उसकी माँ का इलाज चल रहा है। अर्जुन ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। गांधीनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और परिजनों के बयान दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की तलाश कर रही है।
