
इंदौर
पश्चिम क्षेत्र स्थित दास हनुमान बगीची पर बीती रात शहर के धार्मिक क्षेत्र में पहली बार 12 रामायण एवं भजन मंडलों ने हनुमानजी एवं जय सियाराम बाबा की साक्षी में पूरी रात अपने मनोहारी भजनों की प्रस्तुतियां देकर अपनी श्रद्धा-आस्था को अभिव्यक्त किया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने इस अवसर पर एक से बढ़कर एक भजनों के माध्यम से सुबह 6 बजे तक अपनी भक्ति भावना का ऐसा समां बांधा कि शीतलहर भी भक्तों का हौंसला नहीं डिगा सकी।
दास बगीची स्थित राम रामायण मंडल के वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में मंगलवार को सुबह 10 बजे अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ हुआ। जय सियाराम बाबा स्मृति ट्रस्ट की ओर से कैलाश कुसुमाकर, वीरेन्द्र गुप्ता एवं मंदिर के पुजारी पं. देवेन्द्र तिवारी ने रामायण पाठ में शामिल भक्तों की अगवानी की। दिनभर रामायण पाठ की सुमधुर मंगल ध्वनि का क्रम समूचे परिसर में गूंजता रहा। बुधवार को सुबह इस अखंड पाठ का विराम हुआ।
इसके पूर्व मंगलवार को ही रात 8 बजे से शहर के 12 रामायण एवं भजन मंडलों के कलाकारों ने दास बगीची के पावन परिसर में आकर अपनी भजनांजलि प्रस्तुत की। इनमें राम रामायण मंडल, एमटीएच कंपाउंड रामायण मंडल, भवानी सिंह ठाकुर रामायण मंडल, कम्पेल रामायण मंडल, हरीश मंगल रामायण मंडल, साईं भजन गायक राजू भैया, ब्रज चौकसे, कमल जाट सहित 12 भजन मंडलों के कलाकारों ने रात्रि जागरण के साथ सुबह 6 बजे तक अपनी प्रस्तुतियों से दास बगीची क्षेत्र को चैतन्य और जागृत बनाए रखा। शहर के धार्मिक जगत में यह अपने किस्म का पहला आयोजन था जिसमें पूरी रात हनुमानजी और बाबा की साक्षी में शानदार भजनों का समर्पण चलता रहा। आश्रम ट्रस्ट परिवार के अशोक पटेल, सत्यनारायण शर्मा, रामनिवास सांखला, मनोहर लिम्बोदिया, विमल पाणिग्रही, भीमराज राठोर, हरिश्चंद्र यादव एवं दिलीप विजयवर्गीय सहित जय सियाराम बाबा संस्कृत विद्यापीठ के ब्राह्मण, वेदपाठी बटुकों और अन्य भक्तों ने अपनी उत्साहपूर्ण मौजूदगी दर्ज कराई।
बुधवार को ही दोपहर में दास बगीची पर 108 भक्तों ने सुंदर काण्ड पाठ के साथ चले यज्ञ-हवन में आहुतियाँ समर्पित कर शहर, समाज और राष्ट्र में सुख, शांति एवं सद्भाव की प्रार्थना की। हवन की पूर्णाहुति के बाद रात को हुई महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए तथा चलित प्रसाद वितरण व्यवस्था का पुण्य लाभ उठाया। बुधवार से ही मंदिर पर जय सियाराम बाबा की प्रतिमा का पाटोत्सव प्रारंभ हो गया है, जिसमें मंगलवार 20 जनवरी को सुबह 9 बजे गुरुदेव स्थापना एवं दोपहर 2 बजे पूर्णाहुति के पश्चात बाबा की प्रतिमा का महाश्रृंगार कर आरती एवं प्रसादी वितरण के साथ ही ब्राह्मण भोज का आयोजन भी होगा। रात 8.30 बजे से राम रामायण मंडल द्वारा भजन संध्या होगी।
