इंदौर
एम आईजी थाना क्षेत्र स्थित पाटनीपुरा दिगंबर जैन मंदिर में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बेखौफ बदमाशों ने न केवल मंदिर का ताला तोड़ा, बल्कि पवित्र स्थान की मर्यादा को ताक पर रखकर जूते पहनकर अंदर दाखिल हुए और दान पेटी चुरा ले गए। वारदात में दो पुरुषों के साथ एक महिला भी शामिल थी। इस घटना से जैन समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने पुलिस को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि चोरी की यह घटना शनिवार अलसुबह ४:३० से ५:३० बजे के बीच हुई। सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ है कि बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाश करीब एक घंटे तक मंदिर परिसर में मौजूद रहे। आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मुंह पर कपड़ा बांध रखा था, आंखों पर चश्मा लगाया था और हाथों में ग्लव्स पहने हुए थे। बदमाश अपने साथ हथियार भी लेकर आए थे।घटना का पता तब चला जब मंदिर के पुजारी शैलेंद्र कुमार जैन सुबह पूजा के लिए पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ है और अंदर से दान पेटी गायब है। पुजारी ने तुरंत इसकी सूचना मंदिर अध्यक्ष पवन जैन और अन्य पदाधिकारियों को दी, जिसके बाद एमआईजी पुलिस को सूचित किया गया। समाजजनों का कहना है कि मेन रोड पर स्थितमंदिर में बदमाश एक घंटे तक रहे और पुलिस को भनक तक नहीं लगी, जो कि सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान है।
