बसंत पंचमी पर विश्व ब्राह्मण समाज संघ एवं हंसदास मठ के संयुक्त तत्वावधान में होगा बटुकों का सामूहिक यज्ञोपवीत

इंदौर। एयरपोर्ट रोड पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर गुप्त नवरात्रि एवं मठ के दसवें लोकार्पण दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ में विद्वान आचार्यों के निर्देशन में श्रीसूक्त एवं पुरुषसूक्त से आहुतियों का सिलसिला जारी है। हंस पीठाधीश्वर स्वामी रामचरणदास महाराज एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के सान्निध्य में विधायक गोलू शुक्ला ने यज्ञशाला में पहुंचकर अग्नि देवता तथा सर्वतोभद्र मंडल के दर्शन पूजन कर यज्ञशाला की परिक्रमा की।
मठ के पं. अमितदास महाराज ने बताया कि मठ स्थित भगवान रणछोड़जी एवं चिंतारहण पंचमुखी हनुमानजी को समर्पित इस लक्ष्मीनारायण महायज्ञ में प्रतिदिन सुबह 8.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक यज्ञाचार्य पं. विवेक कृष्ण शास्त्री के निर्देशन में विद्वान आचार्यों द्वारा श्रीसूक्त एवं पुरुषसूक्त से आहुतियाँ संपन्न कराई जा रही है। आज भी बड़ी संख्या में यज्ञ में शामिल यजमानों एवं मठ से जुड़े श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला की परिक्रमा कर पुण्य लाभ उठाया। यज्ञ एवं परिक्रमा में मठ से जुड़े संत, महंत, विद्वान एवं श्रद्धालु यज्ञ देवता तथा लक्ष्मीनारायण का जयघोष करते हुए शामिल हुए। यज्ञ के यजमान समूह में श्रीमती वर्षा शर्मा, अनंत महंत एवं विनोद कुमार जोशी शामिल हैं जिन्होंने विद्वान आचार्यों के निर्देशन में विधि विधान से पूजन कर आहुतियाँ समर्पित की। मठ को पुष्पों एवं विद्युत सज्जा से श्रृंगारित किया गया है।
कल ब्राहमण बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार – बसंत पंचमी पर 23 जनवरी को सुबह 9 बजे से विश्व ब्राह्मण समाज संघ एवं हंसदास मठ के संयुक्त तत्वावधान में ब्राहमण बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार भी होगा। विश्व ब्राह्मण समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. योगेन्द्र महंत ने बताया कि यज्ञोपवीत में शामिल होने के इच्छुक बटुक मोबाइल 96302-72407 पर महंत अमितदास से सम्पर्क कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि मठ पर प्रभु राम की 6 फुट ऊंची दिव्य प्रतिमा है। इतनी ऊंची प्रतिमा शहर के किसी अन्य राम मंदिर में नहीं है। मठ स्थित राम दरबार की दिव्य और मनोहारी प्रतिमाओं का श्रृंगार भी इस अवसर पर किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
