इंदौर

बाणगंगा थाना क्षेत्र के भगत सिंह नगर में एक १९ वर्षीय युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतिका अपने माता-पिता के साथ शुक्ला के निवास पर काम करती थी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं
मिला है, जिससे मौत के कारणों पर रहस्य बना हुआ है। पुलिस के मुताबिक मृतिका नेहा पिता रवि यादव (१९) कल तबीयत ठीक नहीं होने की बात कहकर काम पर नहीं गई थी। जबकि उसकी मां विधायक के बंगले पर और पिता विधायक के फार्म हाउस पर काम करने चले गए थे। शाम को जब पिता काम खत्म कर घर लौटे, तो नेहा ने दरवाजा नहीं खोला। काफी मशक्कत के बाद जब परिजन अंदर पहुंचे, तो बेटी को फंदे पर लटका पाया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बाणगंगा पुलिस और एसीपी रुबीना मिजवानी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। नेहा की दो बड़ी बहनें भी हैं। फिलहाल परिवार में मातम का माहौल है और परिजन भी आत्महत्या के कारणों को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं कह पा रहे हैं।एसीपी रुबीना मिजवानी के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया गया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब युवती के मोबाइल कॉल डिटेल्स और परिवार के बयानों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वह किसी मानसिक तनाव में थी या खुदकुशी के पीछे कोई अन्य कारण था।
