इंदौर
महू-इंदौर रोड स्थित वेटरनरी कॉलेज के गेट के सामने पिछले दिनों हुई सनसनीखेज फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। किशनगंज थाना पुलिस ने घटना के मुख्य शूटर को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा हमला लड़की की बात को लेकर उपजे पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने बुलाकर किया गया था। घटनाक्रम के अनुसार, इंदौर के लालबाग क्षेत्र निवासी निक्की यादव और रजत यादव का महू के ग्राम कोदरिया के रहने वाले अतुल, आकाश, अभिषेक और दीपक आंजना के साथ विवाद चल रहा था। इस विवाद को निपटाने के बहाने १७ जनवरी को आरोपियों ने जानलेवा हमले की साजिश रची। निक्की और रजत अपने साथी तुषार आर्य और सुजल सोलंकी के साथ दो अलगअलग स्कूटी पर सवार होकर वेटरनरी कॉलेज के गेट के सामने पहुंचे। आरोपियों ने पहले से ही हथियार तैयार रखे थे और जैसे ही दूसरा पक्ष वहां पहुंचा, आरोपियों ने उन्हें घेरकर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। विवाद के दौरान पहले से तय प्लानिंग के मुताबिक, आरोपी तुषारआर्य ने पिस्टल निकालकर अतुल और उसके साथियों पर सीधी फायरिंग कर दी। इस हमले में एक गोली दीपक आंजना के जबड़े और पैर में लगी, जिससे वह
लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अपनी गाड़ियों से फरार हो गए। घायल दीपक को गंभीर अवस्था में अस्पताल भर्ती कराया गया, जिसके बाद किशनगंज पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कुलदीप खत्री की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों का पीछा किया। इसी कड़ी में २० जनवरी को पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी तुषार उर्फ नन्ना पिता महेंद्र आर्य, निवासी अर्जुनपुरा मल्टी लालबाग इंदौर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस ने आरोपी तुषार के कब्जे से एक अवैध पिस्टल जब्त की है। फिलहाल पुलिस आरोपी का रिमांड लेकर उससे पूछताछ कर रही है, जबकि मामले के तीन अन्य फरार आरोपी निक्की यादव, रजत यादव और सुजल सोलंकी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
