आश्रम के संस्थापक ब्रह्मलीन ‘भगवन’ का गो दुग्ध से अभिषेक – आज भगवती विराजित होंगी भव्य पुष्प बंगले में

इंदौर । विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर 31वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में सुबह से देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहा। आश्रम के संस्थापक ब्रह्मलीन अधिष्ठाता स्वामी गिरिजानंद सरस्वती ‘भगवन’ के श्री विग्रह प्रकटोत्सव पर 51 विद्वान आचार्यों ने महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य एवं आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में गो दुग्ध धारा, फलों के रस एवं गो घृत से पादुका पूजन, शोडषोपचार पूजन एवं अभिषेक के बाद सैकड़ों भक्तों ने आरती में भी भाग लिया। संध्या को नर्मदा के पवित्र जल में मां भगवती के नौका विहार की जीवंत झांकी के दर्शन हेतु भक्तों का सैलाब बना रहा।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि संध्या को मां पराम्बा भगवती के लघु विग्रह के साथ कमल पुष्प का नौका विहार देखने के लिए देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहा। मां की साक्षी में दीप मालिका भी सजाई गई। समूचा आश्रम एवं मंदिर परिसर आकर्षक विद्युत एवं पुष्प सज्जा से आलोकित बना रहा। महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने मां के विग्रह का पूजन कर नौका विहार दर्शन का शुभारंभ किया। नौका एवं मां के विग्रह का नयनाभिराम श्रृंगार पूरे समय आकर्षण का केन्द्र बना रहा। आश्रम परिवार के रमेशचंद्र राठोड, रमेश पसारी, संजय पंडित, चन्दन तिवारी सहित अनेक श्रद्धालु पूरे समय नौका विहार के दर्शनार्थ आए भक्तों के मार्गदर्शन में जुटे रहे।
आज शाम भगवती विराजित होंगी भव्य पुष्प बंगले में – गुप्त नवरात्रि और मंदिर के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में चल रहे कार्यक्रमों की श्रंखला में महाअष्टमी सोमवार 26 जनवरी को शाम 6 बजे से माँ का भव्य पुष्प बंगला श्रृंगारित होगा, जिसमें विराजित माँ के दिव्य दर्शन आम भक्तों को होंगे। मंदिर स्थित सभी देवालयों का मनोहारी पुष्प श्रृंगार किया जा रहा है। मंगलवार 27 जनवरी को शाम 6 बजे से दीपोत्सव एवं छप्पन भोग दर्शन का दिव्य आयोजन होगा। पुष्प बंगले का निर्माण लगातार पिछले तीन दिनों से किया जा रहा है। इसके लिए मथुरा, वृंदावन, कोलकाता एवं दिल्ली से भी अनेक किस्म के पुष्प बुलवाए गए हैं।
