घने कोहरे के कारण हादसा…
बुरी तरह फंसे शव, क्रेन की मदद से निकाला
ग्वालियर। ग्वालियर में शुक्रवार सुबह घने कोहरे के बीच सडक़ हादसा हो गया। भिंड रोड हाईवे पर बंटू ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने वैगनआर कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। सभी भिंड जिले के हैं। सुबह करीब 8 बजे जैसे ही इनकी कार बंटू ढाबा के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को रौंद दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान सौरभ शर्मा निवासी मेहगांव (भिंड), ज्योति यादव (भिंड), भूरे प्रजापति (गोरमी) भिंड और उमा राठौर पत्नी पति राम राठौर, निवासी मोरोली भिंड के रूप में हुई है। सौरभ बीएससी एग्रीकल्चर का पेपर देकर आगरा से लौटा था। आज सुबह पॉलिटेक्निक का पेपर देने जा रहा था। कार उसके भाई की है। ग्वालियर जाते वक्त उसे रास्ते में सवारी मिल गई थी, जिनकी भी हादसे में मौत हो गई। ज्योति की बहन नीलम यादव ने बताया कि हमें सुबह सूचना मिली थी कि मालनपुर में एक्सीडेंट हुआ है। कार में मेरी बहन भी आ रही थी। उसे मथुरा जाना था, इसलिए वह गोरमी से आ रही थी। ज्योति के 2 बच्चे हैं। वह अकेली घर से निकली थी। सौरभ के भाई अंकित ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे सौरभ घर से निकला था। उसकी उम्र 24 साल थी। परिवार में 2 भाई और एक बहन है। बता दें आज सुबह ग्वालियर में विजिबिलिटी 200 से 500 मीटर तक थी।
