
इंदौर
शहर के प्रमुख आस्था केंद्र अन्नपूर्णा आश्रम के तृतीय स्थापना महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को सुबह महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच क्षेत्र के विधायक मधु वर्मा, विधायक रमेश मेंदोला एवं एमआईसी के सदस्य पार्षद अभिषेक बबलू शर्मा के आतिथ्य में ध्वजा पूजन, माँ अन्नपूर्णा के अभिषेक एवं सहस्त्रार्चन के साथ हुआ। संध्या को प्रख्यात हनुमत ढोल पथक दल के सदस्यों ने मंदिर परिसर में सामूहिक प्रस्तुति देकर हजारों भक्तों को बांधे रखा। मंदिर पर सुबह से देर रात तक भक्तों ने माँ अन्नपूर्णा, माँ काली एवं माँ सरस्वती के श्रृंगारित स्वरूप के दर्शन कतारबद्ध होकर किए।
श्री अन्नपूर्णा आश्रम ट्रस्ट, मंदिर संचालन समिति एवं भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को दिनभर मंदिर परिसर में स्थापना महोत्सव की धूम मची रही। विधायक मधु वर्मा एवं रमेश मेंदोला ने मस्तक पर पूजन सामग्री धारण कर मंदिर के गर्भ गृह में पहुंचकर माँ की पूजा-अर्चना भी की और मन्दिर के संचालक स्वामी जयेंद्रानंद गिरी के सानिध्य में ध्वजा पूजन भी किया। मेहमानों ने विद्वान आचार्यों के निर्देशन में शनिवार को होने वाले महाप्रसादी कार्यक्रम के लिए भट्टी पूजन भी किया। रात्रि में भजन गायक गन्नू महाराज एवं साथियों ने भजनों के माध्यम से देर रात तक भक्तों को खूब नचाया। मंदिर के न्यासी मंडल के प्रमुख विनोद अग्रवाल, टीकमचंद गर्ग, दिनेश मित्तल, पवन सिंघानिया, श्याम सिंघल एवं सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि नवश्रृंगारित अन्नपूर्णा लोक के नूतन स्वरुप की स्थापना वर्ष 2023 में की गई है।
आज सुबह नवचंडी पाठ, शाम को दीपोत्सव – महोत्सव में शनिवार को सुबह 5 से 7.30 बजे तक माँ के अभिषेक एवं सहस्त्रार्चन के बाद सुबह 9 बजे से नवचंडी पाठ होगा। शाम 6 बजे माँ को 56 भोग समर्पित किए जाएंगे तथा संध्या 6.30 बजे से समूचे मंदिर परिसर को असंख्य दीपो की रोशनी से श्रृंगारित किया जाएगा। शाम 7 बजे महाआरती होगी। इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इस दौरान मंदिर आने वाले भक्तों के लिए शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक महाप्रसादी का आयोजन भी होगा। महाप्रसादी निर्माण का कार्य आज सुबह भट्टी पूजन के साथ ही शुरू हो गया है।
