इंदौर
नर्मदा जयंती पर दोस्तों के साथ ओंकारेश्वर दर्शन करने गया इंदौर का एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया है। युवक का शव कल शाम मंधाता थाना क्षेत्र में नर्मदा नदी में तैरता हुआ मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक के हाथ और पैर रस्सी से
बंधे हुए थे, जिससे प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान पिपल्याहाना निवासी मनीष भट्ट के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मनीष नर्मदा जयंती के पावन पर्व पर स्नान और दर्शन के लिए अपने कुछ दोस्तों के साथ ओंकारेश्वर रवाना हुआ था। उसके बाद से ही वह घर नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी बंद आने लगा। परिजनों ने जब उसके दोस्तों से संपर्क किया, तो उन्होंने मनीष के बारे में किसी भी जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया था। परिजन पिछले कई दिनों से उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन कल शाम उसकी मौत की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया।सूत्रों के अनुसार, मनीष भट्ट के कई पुलिसकर्मियों से अच्छे संबंध थे और वह इलाके में पुलिस के लिए मुखबिरी का काम करता था। पुलिस को आशंका है कि किसी अपराधी या गिरोह को मनीष की मुखबिरी का पता चल गया होगा और इसी रंजिश में उसका अपहरण कर, हाथ-पैर बांधकर नदी में फेंक दिया गया। मंधाता पुलिस इस बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है कि मनीष किन दोस्तों के साथ घर से निकला था और वे अब कहाँ हैं।पुलिस अब मनीष के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है ताकि उन ‘दोस्तों’ की पहचान की जा सके जो उसके साथ ओंकारेश्वर गए थे। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और की गई और साक्ष्य मिटाने के लिए शव कोनदी में फेंका गया।
