इंदौर। महू थाना क्षेत्र के गुर्जरखेड़ा में देर रात बदमाशों ने जमकर आतंक मचाया। दोस्त की शादी से लौट रहे युवकों को बदमाशों ने न केवल रोका, बल्कि मामूली विवाद के बाद एक युवक के पेट में चाकू से दो बार वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, आम्बाचंदन निवासी फरियादी पियूष पिता विनोद यादव ने बताया कि वह अपने दोस्त युवराज और माखन के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गुर्जरखेड़ा आए थे। कार्यक्रम के बाद तीनों दोस्त अलग-अलग मोटरसाइकिल से सात रास्ता क्षेत्र में जूस पीने गए और वहां से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मस्जिद चौराहे के पास पहुंचे, पीछे से एक स्कूटी पर सवार तीन युवकों ने उन्हें ओवरटेक किया और जानबूझकर अपनी स्कूटी चौराहे पर गिरा दी। पियूष ने बताया कि स्कूटी सवार तीनों बदमाश बिना किसी बात के गालियां देने लगे। जब पियूष ने विरोध किया, तो एक आरोपी हाथ में कड़ा पहनकर उसकी तरफ दौड़ा और सिर पर वार करने की कोशिश की। अपने दोस्त को बचाने के लिए जब माखन बीच में आया, तो आरोपियों में से एक ने हाथ में लिया हुआ चाकू माखन के पेट में दो जगह मार दिया। हमला इतना जोरदार था कि माखन वहीं गिर पड़ा और खून बहने लगा।वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घमंडी लहजे में बोले ‘इसको अब ले जाओ, चाकू फंसा दिया है।’ जाते-जाते उन्होंने धमकी दी कि अगर दोबारा गाड़ी ढंग से नहीं चलाई, तो जान से खत्म कर देंगे। आसपास के लोगों ने बताया कि चाकू मारने वाले मुख्य आरोपी का नाम नितिन उर्फ कालू है, जबकि उसके साथ सौरभ चौहान और एक अन्य साथी था।घायल माखन को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। महू पुलिस ने पियूष की शिकायत पर नितिन और सौरभ सहित तीन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
