इंदौर।
तेजाजी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कैलोद करताल में सरकारी बोरिंग से पानी भरने जैसी मामूली बात पर खूनी संघर्ष हो गया। पड़ोस में रहने वाले पिता-पुत्र ने एक युवक के साथ जमकर मारपीट की और उसके सिर पर पत्थर मारकर उसे लहूलुहान कर दिया। पुलिस के मुताबिक फरियादी लक्ष्मण पिता गंगाराम दांगी की शिकायत पर पड़ोसी आरोपी मुन्नालाल चौहान और राकेश चौहान के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। फरियादी ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने घर पर था, तभी उसके पड़ोसी राकेश चौहान और मुन्नालाल चौहान सरकारी बोरिंग से पानी भरने की बात को लेकर विवाद करने लगे। आरोपियों ने फरियादी के ८ वर्षीय मासूम भतीजे को अपशब्द कहना शुरू कर दिया। जब फरियादी ने बीच-बचाव करते हुए गाली-गलौच करने से मना किया, तो आरोपी उग्र हो गए और उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। ष् विवाद के दौरान आरोपी राकेश ने जमीन पर पड़ा एक पत्थर उठाकर फरियादी के सिर पर दे मारा, जिससे उसे गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा। शोर सुनकर फरियादी का भाई गणेश दांगी मौके पर पहुँचा और बीच-बचाव कर उसे आरोपियों से छुड़ाया। जाते-जाते आरोपियों ने पीड़ित परिवार को सरेआम धमकी दी कि ‘आज तो बच गया, लेकिन आइंदा अगर इस बोरिंग से किसी ने भी पानी भरा तो उसे जान से खत्म कर देंगे।’
