इंदौर
पलासिया थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जानलेवा हमले के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वारदात के मात्र ६ घंटे के भीतर हत्या के प्रयास में शामिल तीन शातिर आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी मूल रूप से खंडवा के निवासी हैं, जिन्होंने मामूली विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। घटनाक्रम के अनुसार, गणेश नगर निवासी फरियादी राजेश शर्मा ने थाने पहुँचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ८ फरवरी की रात अपने मित्र धर्मेंद्र के साथ बड़वानी प्लाजा स्थित फ्लैट पर मौजूद था। इसी दौरान पास में ही रहने वाले आरोपी शुभम, पंकज और पंकज पुरी ने बिना किसी कारण के उनके घर का दरवाजा खटखटाया और विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आरोपियों ने राजेश पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी पलासिया सुरेंद्र सिंह रघुवंशी ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों का पीछा किया और महज ६ घंटे के भीतर तीनों आरोपियों शुभम पिता दिलीप कुमार, पंकज पिता लक्ष्मण और पंकज पुरी पिता किशोर पुरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपी खंडवा के रहने वाले हैं और यहां अस्थाई रूप से रह रहे थे।
