धरावरा धाम में 22 फरवरी से शुरू होने वाले मानस सम्मेलन
एवं 7 दिवसीय भागवत ज्ञान यज्ञ के लिए आज भूमि पूजन
इंदौर। धार रोड स्थित प्राचीन आस्था केंद्र धरावरा धाम पर 22 से 28 फरवरी तक आश्रम के संस्थापक साकेतवासी महंत घनश्याम दास महाराज की 17 वीं पुण्यतिथि के प्रसंग पर होने वाले श्री मानस सम्मलेन एवं भागवत ज्ञान यज्ञ के दिव्य अनुष्ठान हेतु भूमि पूजन गुरुवार 12 फरवरी को दोपहर 12 बजे होगा।वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आश्रम के अधिष्ठाता महंत शुकदेव दास महाराज के सानिध्य में इस अवसर पर मुख्य यजमान समाजसेवी नानूराम चौधरी एवं अनुष्ठान से जुड़े अन्य सहयोगी भूमि पूजन करेंगे। आयोजन में शाजापुर जिले के प्रख्यात भागवत मनीषी पं. ब्रजकिशोर नागर धरावरा धाम भक्त मंडल न्यास की मेजबानी में यहाँ प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक भागवत कथामृत का रसपान कराएंगे। अनुष्ठान में आसपास के 25 गांवों के श्रद्धालुओं की भागीदारी रहेगी।
आश्रम के श्रीकांत शर्मा एवं गोविन्द मंगल ने बताया कि अनुष्ठान के लिए भूमि पूजन के साथ ही पंडाल निर्माण का काम भी शुरू हो जाएगा। अनुष्ठान की दिव्यता को देखते हुए डॉ. सुरेश चोपड़ा एवं ललित अग्रवाल संयोजक, कल्याण भांगडिया स्वागताध्यक्ष, दिनेश गर्ग अध्यक्ष, सीताराम नरेडी उपाध्यक्ष, अशोक कुमावत महामंत्री, प्रवीण मोहन चौधरी कोषाध्यक्ष तथा सर्वश्री प्रकाश मनोहर चौधरी, देवेन्द्र सांखला, डॉ. कमलेश गर्ग, नवनीत लाहोटी एवं सुरेश बजाज भोजन व्यवस्था समिति के प्रभारी मनोनीत किए गए हैं। मानस सम्मेलन के समापन पर 28 फरवरी को 25 गांवों के श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा भी धरावरा धाम पर सम्पन्न होगा। इस दौरान धरावरा धाम स्थित महंत घनश्याम दास महाराज की समाधि का भी विशेष श्रृंगार एवं पूजन किया जाएगा।
