
इंदौर धार रोड स्थित प्राचीन आस्था केंद्र धरावरा धाम पर 22 से 28 फरवरी तक आश्रम के संस्थापक साकेतवासी महंत घनश्याम दास महाराज की 17 वीं पुण्यतिथि के प्रसंग पर होने वाले श्री मानस सम्मलेन एवं भागवत ज्ञान यज्ञ के दिव्य अनुष्ठान हेतु भूमि पूजन आज दोपहर अभिजीत मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आश्रम के अधिष्ठाता महंत शुकदेव दास महाराज के सानिध्य में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य यजमान समाजसेवी नानूराम चौधरी ने संयोजक डॉ. सुरेश चोपड़ा, ललित अग्रवाल, स्वागताध्यक्ष कल्याण भांगडिया,श्रीकांत शर्मा, अशोक कुमावत, देवेन्द्र सांखला एवं अन्य सहयोगी बंधुओं के साथ पहली गेंती चलाकर भूमि पूजन की रस्म सम्पन्न की। अतिथियों का स्वागत विजय सिंह राणा, गुमान सिंह, विष्णु चौधरी, मनोहर चौधरी, नवनीत लाहोटी एवं सुरेश बजाज ने किया। आयोजन की जानकारी डॉ. कमलेश गर्ग ने देते हुए बताया कि धरावरा धाम पर शाजापुर जिले के प्रख्यात भागवत मनीषी पं. ब्रजकिशोर नागर धरावरा धाम भक्त मंडल न्यास की मेजबानी में प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक भागवत कथामृत का रसपान कराएंगे। अनुष्ठान में आसपास के 25 गांवों के श्रद्धालुओं की भागीदारी रहेगी। भूमि पूजन समारोह में अध्यक्ष दिनेश गर्ग, उपाध्यक्ष सीताराम नरेडी, महामंत्री अशोक कुमावत, कोषाध्यक्ष प्रवीण मोहन चौधरी तथा सर्वश्री प्रकाश मनोहर चौधरी सहित आसपास के सभी गांवों में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल एवं सार्थक बनाने का संकल्प व्यक्त किया। मानस सम्मेलन के समापन पर 28 फरवरी को 25 गांवों के श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा भी धरावरा धाम पर सम्पन्न होगा। इस दौरान धरावरा धाम स्थित महंत घनश्याम दास महाराज की समाधि का भी विशेष श्रृंगार एवं पूजन किया जाएगा।
