इंदौर
वार्ड 74 में आयोजित संकल्प से समाधान अभियान की जनता चौपाल के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बीते बुधवार को शहर में अवैध रूप से बन रहे हॉस्टलों को लेकर कड़ा संदेश दिया था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो लोग यह समझ रहे हैं कि कहीं भी हॉस्टल बनाकर मनमानी चला लेंगे, वे यह विचार त्याग दें। यदि कोई अवैध हॉस्टल बनाता है, तो निगम उसे तुरंत तोड़ देगा। महापौर ने यह भी चेतावनी दी कि जिन इलाकों में पहले से हॉस्टल बने हुए हैं, उन सभी की ज़िम्मेदारी तय होगी। यदि गली कचरे से गंदी मिलेगी या गाड़ियों की गलत पार्किंग की शिकायत मिलेगी, तो इसका दायित्व सीधे हॉस्टल संचालकों का माना जाएगा और उन पर कार्रवाई की जाएगी।
चौपाल के दौरान नागरिकों ने लगातार शिकायत की कि कई हॉस्टल बिना अनुमति के निर्माण कर रहे हैं, जिसके कारण ट्रैफिक जाम, पार्किंग अव्यवस्था और आसपास रहने वालों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन्हीं शिकायतों के आधार पर महापौर ने सख्ती दिखाते हुए अवैध निर्माण रोकने की बात कही। घोषणा के बाद नगर निगम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निपानिया क्षेत्र में एक अवैध निर्माणाधीन हॉस्टल को तोड़ दिया। निगम अधिकारियों का कहना है कि महापौर के निर्देशन में आगे भी ऐसी किसी भी मनमानी पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
