मनकामेश्वर शिव मंदिर पर चल रहे पांच दिवसीय महोत्सव में सैकड़ों भक्तों ने नाचते गाते हुए लगाया दूल्हा-दुल्हन को उबटन-लेपन

इंदौर । नवलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ शिव मंदिर पर चल रहे पांच दिवसीय शिव विवाह एवं शिवरात्रि महोत्सव के तृतीय दिवस शनिवार को सैकड़ों भक्तों ने ढोल-ढमाकों सहित मंदिर पहुंचकर दूल्हे बने भगवान शिव और दुल्हन बनी पार्वती मैया को सुगंधित उबटन, लेपन से अभीसिक्त कर नाचते-गाते हुए अपनी खुशियां व्यक्त की। महाशिवरात्रि पर इस बार शहर के भक्तों को रविवार 15 फरवरी को सांय 6.30 बजे से कांटाफोड़ मंदिर पर 10 कलाकारों द्वारा निर्मित माँ वैष्णो देवी की गुफा और रजत मंडित विवाह मंडप, वरमाला एवं सात फेरों सहित शिव विवाह की जीवंत झांकी के दर्शन हो सकेंगे। यह झांकी पिछले 1० दिनों के रातदिन परिश्रम के बाद इन कलाकारों ने तैयार की है।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग एवं संयोजक बी.के. गोयल ने बताया कि मंदिर पर सुबह भगवान को उबटन-लेपन की रस्म शुरू हुई, जो दोपहर तक चलती रही। महिलाओं ने घर-परिवार में होने वाले विवाह समारोह की तरह मंदिर में भी गीत और भजन गाए तथा नाचते-गाते हुए भोले बाबा और गोरा माई को उबटन से अभीसिक्त किया। अनेक भक्त अपने साथ ढोल-बाजे भी लेकर मंदिर पहुंचे।
आज केसर जल से स्नान, शाम को झांकी दर्शन- भक्त मंडल के संदीप गोयल ने बताया कि रविवार को दोपहर एक बजे भगवान को केसर जल से स्नान कराया जाएगा। तदपश्चात सांय 6.30 बजे आरती के बाद माँ वैष्णो देवी की गुफा से गुजरकर आम श्रद्धालु मंदिर के रजत मंडित गर्भ गृह में विराजित शिव पार्वती के विवाह मंडप की मनोहारी झांकी के दर्शन कर सकेंगे। विधायक गोलू शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में आरती के पश्चात झांकी के दर्शन प्रारंभ हो जाएँगे। भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर पर समुचित प्रबंध किए गए हैं। भक्तों के लिए फलाहारी प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है। प्रतिवर्ष यहां इस झांकी को निहारने के लिए 50 हजार से अधिक दर्शक आते हैं। इस बार भी इतने ही दर्शकों के आगमन का अनुमान लगाते हुए व्यवस्था की गई है। महिला और पुरुषों के लिए दो अलग-अलग कतारें साथ चलेंगी, ताकि दर्शन में आधे घंटे से अधिक का समय नहीं लगे। मंदिर स्थित सभी देवालयों का भी विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। सोमवार, 16 फरवरी को महाकाल की तर्ज पर सुबह 5 बजे भस्मारती होगी। इसके पूर्व रात्रि 1.30 बजे से बाबा भोलेनाथ का रूद्राभिषेक भी होगा। इसमें नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, विधायक गोलू शुक्ला, विधायक श्रीमती मालिनी गौड़, एकलव्य गौड़ सहित अनेक विशिष्टजन आरती में शामिल होंगे।
