इंदौर। भंवरकुआं थाना क्षेत्र के तीन इमली चौराहे पर एक शातिर चोर को पर्स चुराकर भागना महंगा पड़ गया। राहगीरों और ऑटो चालकों ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस के हवाले करने से पहले गुस्से में आई भीड़ ने आरोपी की
जमकर धुनाई भी कर दी। पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार दोपहर करीब २ बजे सियाराम तौल कांटा के सामने हुई। फरियादी सर्वेश कुमार गुप्ता निवासी न्यू पलासिया घर जाने के लिए ऑटो वाले से बात कर रहे थे। इसी दौरानउनके पास खड़े बदमाश ने सफाई से उनकी पेंट की पिछली जेब में रखा पर्स पार कर दिया। पर्स में १० हजार रुपये नगद और आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे। सर्वेश को जैसे ही जेब खाली होने का अहसास हुआ, उन्होंने मुड़कर देखा तो एक संदिग्ध व्यक्ति हाथ में उनका पर्स लेकर भाग रहा था। सर्वेश ने तुरंत शोर मचाया, जिसे सुनकर वहां मौजूद ऑटो चालकों और अन्य राहगीरों ने आरोपी का पीछा किया और उसे घेरकर पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आरोपी की जमकर पिटाई कर दी गई।
सूचना मिलते ही भंवरकुआं पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। आरोपी की पहचान राजा पिता खेमा मोरे, निवासी शांति नगर मूसाखेड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया गया पर्स और नगदी बरामद कर ली है। भंवरकुआं पुलिस ने आरोपी राजा के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस को संदेह है कि वह बस स्टैंड और ऑटो स्टैंड के आसपास भीड़भाड़ का फायदा उठाकर पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा
रही है।
