सिंगापुर टाउनशिप में निकली भव्य कलश यात्रा, सैकडों श्रद्धालु हुए शामिल

इंदौर
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने आज सांवेर विधानसभा क्षेत्र के सिंगापुर टाउनशिप पुलिस चौकी के सामने इन्दौर में सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ किया। बुंदेलखण्ड पीठाधीश्वर महंत श्री सीताराम दासजी महाराज का स्वागत कर उन्होंने कहा कि जहां धार्मिक आस्था और भक्ति का अनूठा संगम हो, वहां सनातन और संस्कृति का विस्तार होता है, यह कथा हमारी संस्कृति की प्रेरक रही है। हम सनातन विचारधारा के लोग है, जिसके कारण हमें आध्यात्मिक ऊर्जा और शक्ति मिलती और भक्ति भाव से राष्ट्रहित, धर्मरक्षा और जनसेवा से सामाजिक क्षेत्रों का विकास करते है।
मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि कथा व्यास बुंदेलखण्ड पीठाधीश्वर महंत श्री सीताराम दासजी महाराज के मुखारबिन्द से श्रीमद् भागवत कथा में धार्मिक आस्था और भक्ति का अनूठा संगम सिंगापुर टाउनशिप पुलिस चौकी के सामने इन्दौर में देखने को मिलेगा। कथा का आयोजन 22 से 28 फरवरी तक रहेगा। आज भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया जिसमें हजारों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव से भाग लिया। कलश यात्रा में घोडा-बग्गी, बैण्ड, भजन-कीर्तन, बाल मनोहारी झांकियां और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। कथा पश्चात प्रतिदिन भण्डारे का आयोजन होगा जिसमें सभी श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी वितरित की जाएगी।
