किसान कल्याण वर्ष में अन्नदाताओं के लिए यह प्रोजेक्ट आर्थिक समृद्धि लाएगा, सिंहस्थ महापर्व के लिए नींव का पत्थर होगा- मंत्री सिलावट

इंदौर
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि इन्दौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड फोरलेन प्रोजेक्ट मेट्रो पॉलियन सिटी की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है, इसको देखते हुए एलिवेटेड रोड बनाई जा रही थी जिसके कारण इन्दौर-सांवेर-उज्जैन के लगभग 30 से अधिक ग्रामों के सैकड़ों किसान प्रभावित हो रहे थे। मंत्री श्री सिलावट और इन्दौर-सांवेर-उज्जैन के किसानों की मांग पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के किसान हित में ग्रीन फील्ड फोरलेन प्रोजेक्ट को जमीनी स्तर पर बनाने के निर्णय लेने पर आभार माना है, एवं कहा कि यह फोरलेन प्रोजेक्ट अन्नदाताओं के लिए क्षेत्र के विकास में आर्थिक समृद्धियां लाएगा, और आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 में लिए यह नींव का पत्थर साबित होगा।
मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि इन्दौर-सांवेर-उज्जैन ग्रीन फील्ड फोरलेन प्रोजेक्ट में सांवेर विधानसभा के लगभग 20 से अधिक गांवों के सैकड़ों किसान प्रभावित हो रहे थे।
मंत्री श्री सिलावट ने जिला प्रशासन और किसानों की समस्याओं को लेकर समय-समय पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव से चर्चा की। मंत्री श्री सिलावट के प्रयासों से बुधवार को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से प्रभावित किसानों ने चर्चा की। प्रभावित किसानों का कहना था कि सड़क की ऊंचाई अधिक न रखें। इससे किसानों का सड़क मार्ग से संपर्क टूट रहा था। लगभग 28 गांवों के प्रभावित किसानों की मुआवजा की भी मांग की थी। किसानों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सड़क की ऊंचाई जमीनी स्तर पर ही रखने का निर्णय लिया और यह भी कहा कि यह फोरलेन निर्माण किसान हित में सर्वोपरि रहेगा।
मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के माध्यम से राशि 2935.15 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की गई है। इसमें इन्दौर-उज्जैन के लगभग 30 ग्रामों के मध्य फोरलेन का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र का विकास होकर आर्थिक समृद्धशाली क्षेत्र बनेगा। सांवेर विधानसभा के ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट में सांवेर विधानसभा के
20 गांव कांकरिया बोर्डिया, सगवाल, जम्बुडी सरवर, रंगकराडिया, टूमनी, बीबीखेडी, हरियाखेडी, चित्तोडा, रतनखेडी, पिपलिया कायस्थ, खतेडिया, पोटलोद, हातोद, जिन्दाखेडा, बुडानिया, बलधारा, बालरिया, रालामंडल, मगरखेडी, कछालिया के लगभग 600 परिवार के लगभग 20 हजार लोग प्रभावित हो रहे है जिसमें कुल 203.649 हेक्टेयर भूमि अधिगृहित की जा रही है। ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट में लगभग 48 किलोमीटर का 4लेन एक्सप्रेस रोड प्रस्तावित है इसमें पूरे 4लेन एक्सप्रेस रोड में कही पर भी कट नहीं होने एवं ऊंचाई अधिक होने के कारण कृषि भूमि में पानी का भराव होने के कारण किसानों की फसल का नुकसान होकर सड़के के आमने-सामने का आवागमन पूरी तरह से बंद होने की समस्या थी। मंत्री श्री सिलावट ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री श्री सिलावट और प्रभावित किसानों की सभी समस्याओं को गौर कर किसान हित में सर्वोपरि निर्णय लिया है जिसका आभार मंत्री श्री सिलावट ने माना है।
