
भारत की क्रांति का तेजस्वी स्वर थे शहीद चंद्रशेखर आजाद : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
शहीद चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर आलीराजपुर में किया सभा को संबोधित
आलीराजपुर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहीद चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर आलीराजपुर स्थित उनकी जन्मस्थली भाभरा (चंद्रशेखर आजाद नगर) पहुंचकर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद भारत की क्रांति का तेजस्वी स्वर थे। राज्य सरकार अमर बलिदानी और क्रांतिकारियों के जीवन से प्रेरणा लेकर गरीब, किसान, युवा और नारी (ज्ञान) कल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में गुजरात के साथ-साथ पड़ोसी मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले का भी आर्थिक तंत्र बदला है। आलीराजपुर भील जनजाति की संस्कृति और स्वाभिमान की भूमि है। आज देश प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर आलीराजपुर में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आलीराजपुर जिले के समग्र विकास के लिए 171 करोड़ लागत के 49 विकास कार्यों की अनुपम सौगात दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आलीराजपुर जिले में ग्राम संपर्क मजबूत करने के लिए विभिन्न सड़कों के निर्माण की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व-सहायता समूह, बैंक ऋण वितरण, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना के हितग्राहियों को हितलाभ एवं प्रमाणपत्र वितरित किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय मान्यता के प्रतीक बाबा भीलट देव, बाबा डूंगर देव, बाबा पाटला देव, रानी काजल माता, डूंगरी माता और मालवाई माता को नमन करते हुए कहा कि आलीराजपुर की पावन मिट्टी ने चंद्रशेखर आजाद सहित शहीद छीतू किराड़ जी को जन्म दिया। मां भारती की स्वाधीनता के लिए चंद्रशेखर जी 14 वर्ष की छोटी उम्र में आजादी की जंग में कूद पड़े थे। हमारे नेतृत्वकर्ता चंद्रशेखर आजाद जैसे होने चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्कृति विभाग के सहयोग से चंद्रशेखर आजाद से जुड़े स्थानों को दर्शनीय बनाया जाएगा। चंद्रशेखर आजाद नगर में उनके नाम से एक भव्य पार्क का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वीर चंद्रशेखर आजाद जी ने आलीराजपुर के भील बालकों के बीच अपना बचपन गुजारा था और उनसे निशानेबाजी की अद्भुत कला सीखी थी। उनकी रिवॉल्वर का निशाना अचूक था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के महान जनजातीय नायकों ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। राज्य सरकार जनजातीय महापुरुषों की विरासत के संरक्षण के लिए संकल्पित है। खरगोन में क्रांति सूर्य टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय की शुरुआत की गई है। इसी प्रकार अन्य नायकों से संबद्ध स्थलों को भी संरक्षित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आलीराजपुर के चहुंमुखी विकास के लिए रिमोट का बटन दबाकर 79.92 करोड़ की लागत से 14 कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खंडाला में 34 करोड़ 20 लाख रूपए की लागत से निर्मित भव्य सांदीपनि विद्यालय, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 27 करोड़ 75 लाख रूपए की लागत से निर्मित 4 उच्च स्तरीय पुलों, 7 करोड़ रूपए की लागत से नवीन बालक-बालिका छात्रावास भवनों एवं 8 करोड़ रूपए की लागत से बलेडी (जोबट) और नानपुर में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मोराजी, खामट, पिलियावट और बेकलगांव बड़ी में भी उप स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 119.01 करोड़ लागत के 35 विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। इसके अंतर्गत 40 करोड़ 58 लाख रूपए की लागत से 8 सीनियर और जूनियर विद्यालयों में बालक एवं बालिका छात्रावासों, 31 करोड़ रूपए की लागत से बालक-बालिकाओं के लिए 11 नवीन विद्यालय भवनों 24 करोड़ की लागत से दाबड़ी, बोरकुण्डिया और कड़वानिया में 100-100 सीटर बालक-बालिका छात्रावास भवनों, 7 करोड़ 36 लाख रूपए की लागत से रणजीतगढ़ और सूखीबावड़ी तालाब का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही सोंडवा में नवीन जनपद पंचायत और सामुदायिक भवन, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सोंडवा और अन्य निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आलीराजपुर में 1800 करोड़ लागत वाली नर्मदा सिंचाई परियोजना का कार्य प्रगति पर है। इससे 170 गांवों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। हमारे जनजातीय अंचल के किसानों को भी सिंचाई सुविधाओं का पूरा लाभ मिलेगा। किसानों की समृद्धि के लिए राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को किसानों के लिए समर्पित किया है। हमारी सरकार लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपए की राशि दे रही है, साथ ही किसान भाइयों का भी ध्यान रखा गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को प्रतिवर्ष 12 हजार (6 हजार केंद्र और 6 हजार राज्य) रुपए बैंक खाते में डाले जा रहे हैं। प्रदेश के गरीब-जरूरतमंदों की सहायता के लिए जिलों में नि:शुल्क शव वाहन की व्यवस्था की गई है। सड़क हादसे में घायलों को त्वरित इलाज उपलब्ध कराने के लिए राहवीर योजना की शुरुआत की गई है। जनजातीय बच्चे पढ़-लिखकर शासकीय सेवा में आएं, इसके लिए नि:शुल्क कोचिंग योजना प्रारंभ की गई है।
अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सरकार जनजातीय समाज के विकास के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने नगर पंचायत के माध्यम से आजाद पार्क बनाए जाने की मांग की, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से ही पार्क निर्माण की घोषणा की। मंत्री श्री चौहान ने नर्मदा परिक्रमा वासियों के लिए ठहरने की उचित व्यवस्था के लिए रानी काजल माता लोक बनाए जाने का सुझाव दिया। साथ ही आलीराजपुर जिले के समग्र विकास और आवागमन को सुलभ करने के लिए 57 किलोमीटर लंबी अलग-अलग सड़कें के निर्माण की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में सांसद श्रीमती अनिता चौहान, पूर्व मंत्री एवं विधायक श्रीमती रंजना किराड़े, प्रदेश उपाध्यक्ष द्वय श्री रणवीर सिंह जाटव, श्री निशांत खरे, जिलाध्यक्ष श्री परवाल, पूर्व विधायक श्री माधो सिंह डाबर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जन उपस्थित थे।
