
जनजातीय संस्कृति का महापर्व और प्रदेश का राजकीय पर्व है भगोरिया : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है राज्य सरकार
विकसित और आत्मनिर्भर भारत का स्वप्न जनजातीय भाई-बहनों की भागीदारी से ही पूर्ण होगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगोरिया की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने भगोरिया को राजकीय पर्व के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। यह जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के प्रति सरकार के भाव प्रकट करता है। होली से पहले भगोरिया में शामिल होने का विशेष आनंद है। प्रसन्नता का विषय है कि जनजातीय संस्कृति का महापर्व और प्रदेश का राजकीय पर्व भगोरिया उत्सव बड़ा उल्लास और प्रसन्नता के साथ मनाया जा रहा है। इस माटी ने जितना जनजातीय संस्कृति को सहेजा और संवारा है, उतनी ही यह हमारे जननायकों के अदम्य साहस, वीरता, पराक्रम और परिश्रम से सजी है। विकसित और आत्मनिर्भर भारत का स्वप्न जनजातीय भाई-बहनों की भागीदारी से ही पूर्ण होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आलीराजपुर जिले के उदयगढ़ में आयोजित भगोरिया उत्सव को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आलीराजपुर को मां नर्मदा और हथनी नदी का आशीर्वाद मिला है। किसान कल्याण वर्ष में हमारी सरकार आलीराजपुर जिले के एक-एक खेत तक सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराने के लिए कार्यशील है। यहां के जनजातीय भाई-बहन और किसानों के जीवन में सुख-समृद्धि लाने के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर नर्मदा जल के संदर्भ में 28 गांवों का सर्वे कराए जाने की घोषणा की। साथ ही उदयगढ़ को 18 किलोमीटर लंबी नई सड़कों की सौगात भी दी।
अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि भगोरिया जनजातीय अंचल का एक पारंपरिक त्योहार है, जिसकी शुरुआत होली के 7 दिन पहले होती है। आलीराजपुर, झाबुआ, खरगोन, बड़वानी और धार में भगोरिया पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय अंचल के समग्र विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है। आलीराजपुर जिले में सिंचाई सुविधा के विकास के लिए 1800 करोड़ रुपए की नर्मदा सिंचाई परियोजना को मंजूरी दी गई। कार्यक्रम में सांसद श्रीमती अनिता चौहान, सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष द्वय श्री रणवीर सिंह जाटव, श्री निशांत खरे, पूर्व विधायक श्री माधो सिंह डाबर, जिलाध्यक्ष श्री मकू परवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जन उपस्थित थे।
