बाणगंगा क्षेत्र में निकली राधा कृष्ण रासरंग फाग यात्रा
में नाचते-गाते हुए देशभर की संस्कृति उतरी सड़कों पर
विधायक गोलू शुक्ला के मार्गदर्शन में कुशवाह नगर से मरीमाता चौराहा तक उमड़ा जन सैलाब – झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र
सिद्ध विजय गणेश से की प्रदेश और शहर में सुख, शांति और सद्भाव की प्रार्थना – दिलाई यातायात नियमों के पालन की शपथ
इंदौर, 8 मार्च। देवी अहिल्या युवा मंच बाणगंगा के तत्वावधान में रविवार को सुबह कुशवाह नगर राम मंदिर से निकली राधाकृष्ण रासरंग फाग यात्रा में इस बार भी समूचे बाणगंगा क्षेत्र में जहां आदिवासी, राजस्थानी एवं छत्तीसगढिया लोकनृत्यों की छटा देखने को मिली, वहीं चार रथों पर सवार होकर राधा-कृष्ण एवं भोले भंडारी सहित विभिन्न देवी-देवता अपने भक्तों को रंगपंचमी पर सूखे रंग और गुलाल की बोछारों से शुभकामनाएं देते नजर आए। राधा कृष्ण के रथ को हजारों महिलाएं कुशवाह नगर राम मंदिर से मरीमाता चौराहे तक खींचते हुए चली। विधायक गोलू शुक्ला के नेतृत्व में यात्रा मार्ग में चार मिसाईलों से तीन सौ फुट की दूरी एवं ऊंचाई तक सूखे और सुगंधित रंगों की इन्द्रधनुषी वर्षा की गई। पूरे समय फाग भजनों की मस्ती में युवा ढोल-नगाडों, मांदल एवं अन्य वाद्य यंत्रों की सुर लहरियों पर नृत्य करते हुए चलें। यात्रा मार्ग की सफाई हेतु सबसे अंत में विशेष वाहन की व्यवस्था की गई थी।

यात्रा प्रभारी दिलीप मिश्रा, वीरू सेन एवं अनिल पिपलोदिया ने बताया कि यात्रा का शुभारंभ विधायक गोलू शुक्ला, भाजपा के इंदौर संगठन प्रभारी राजेश सोलंकी, नगर उपाध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह सोलंकी, कोषाध्यक्ष सचिन बंसल, विशाल यादव सहित क्षेत्र के सभी पार्षदों की मौजूदगी में कुशवाह नगर राम मंदिर में पूजा अर्चना के साथ हुआ। यात्रा के काफिले में भगवान की विभिन्न लीलाओं का सजीव चित्रण करते हुए झांकियां भी आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। देश की विभिन्न संस्कृतियों के दर्शन हेतु महाराष्ट्र की लावणी, आदिवासियों की भगोरिया नृत्य मंडली, बिहार, उप्र, राजस्थान, छग एवं गुजरात की डांडिया टीमें भी अपनी प्रस्तुतियां देते हुए चल रही थीं। बैंड-बाजे, ढोल-ताशे, हाथी-घोड़े, बग्घियों में सवार शहर के प्रमुख संत विद्वान तथा मथुरा, वृन्दावन एवं गोवर्धन से आमंत्रित साधु संतों ने भी यात्रा की शोभा बढाई। फाग यात्रा का समापन मरीमाता चौराहा पर हुआ जहाँ विधायक गोलू शुक्ला, दीपेन्द्र सिंह सोलंकी एवं अन्य भाजपा नेताओं ने सिद्ध विजय गणेश मंदिर पर पूजन एवं ब्रह्मलीन काकाश्री सुरेश शुक्ला की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर समूचे प्रदेश एवं शहर में सुख, शांति एवं सद्भाव के लिए प्रार्थना की। ठंडाई वितरण के साथ समापन हुआ। विधायक गोलू शुक्ला ने इस मौके पर सभी लोगों को शहर को नौंवीं बार स्वच्छता में अव्वल बनाने और यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई।
क्षेत्र के पार्षद शिवम यादव, एमआईसी सदस्य निरंजन सिंह चौहान गुड्डू, अश्विनी शुक्ला, कमल वाघेला, सीमा डाबी, सोनाली धारकर, नितिन कश्यप, पराग कौशल, राहुल जायसवाल, सोनाली परमार, रितेश विरांग, चन्द्रभान सिंह सोलंकी एवं संध्या जायसवाल के मार्गदर्शन में लवकुश मंडल, रानी लक्ष्मीबाई मंडल, गुरु टेकचंद मंडल सहित सभी वार्डों के प्रमुख पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक भी इस फाग यात्रा में शामिल रहे। देवी अहिला युवा मंच के रविशंकर शुक्ला, पार्षद राजेंद्र राठोर, जीतू यादव, कमल शुक्ला एवं दीपेन्द्र सिंह सोलंकी तथा बाणेश्वरी युवा परिषद के प्रमुख अंजनेश शुक्ला, रुद्राक्ष शुक्ला, नितेश मिश्रा टिंकू सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बाणगंगा क्षेत्र की इस सबसे बड़ी फाग यात्रा की व्यवस्थाएं संभाली।
