इंदौर
बाणगंगा थाना क्षेत्र में मनचलों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अश्लील कमेंट का विरोध करने पर उन्होंने एक परिवार के घर को निशाना बनाया। बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने रात के अंधेरे में घर पर जमकर पथराव किया, जिससे खिड़कियों के कांच फूट गए। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर आरोपी बॉबी और उसके साथी
ऋषि कुशवाह के खिलाफ दर्ज किया है। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उस पर अश्लील कमेंट किए थे और बदतमीजी की थी। जब परिवार के सदस्यों ने इस अभद्र व्यवहार का विरोध किया, तो आरोपियों ने देख लेने की धमकी दी। विवाद के कुछ समय
बाद, आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर आए और पीड़िता के घर पर पथराव शुरू कर दिया। पत्थरबाजी से घर की खिड़कियों के कांच टूट गए और परिवार में दहशत फैल गई। शोर मचाने और पड़ोसियों के एकत्र होने पर आरोपी
जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना का स्पष्ट वीडियो उपलब्ध होने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामूली धाराओं में केस दर्ज किया है। उन्होंने पुलिस को पथराव और उत्पात का वीडियो भी सौंपा है। वहीं, बाणगंगा थाना पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
