कनाड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत बिचोली हप्सी ब्रिज पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। केले से भरा एक आयशर वाहन हाईवे पर पहले से खड़े एक ट्रक में पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि आयशर वाहन का अगला हिस्सा पूरी
तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार चालक व क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। बताते है कि आयशर वाहन राऊ से देवास की ओर जा रहा था। इसी दौरान बिचोली हप्सी ब्रिज के पास सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था, जिस पर जेसीबी मशीन लदी हुई थी। रफ्तार तेज होने और अंधेरा होने के कारण आयशर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसा। टक्कर की तीव्रता के कारण आयशर का केबिन बुरी तरह पिचक गया, जिसमें चालक और क्लीनर बुरी तरह फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही कनाड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुँची। केबिन में फंसे शवों को निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में तीन जेसीबी और क्रेन की मदद ली गई, जिसके बाद केबिन को काटकर शवों को बाहर निकाला जा सका। मृतकों की पहचान चालक राजेंद्र पिता फूलचंद गोयल निवासी बड़वानी और क्लीनर राजू उर्फ राजेश पिता कालूराम निवासी बोधवाड़ा, धार के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि बायपास पर ट्रक और जेसीबी गलत तरीके से खड़े थे। रात के अंधेरे में आयशर चालक को सड़क पर खड़े ये वाहन दिखाई नहीं दिए, जिससे यह हादसा हुआ।
