इंदौर। घरेलू हिंसा का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहाँ एक शख्स ने शराब के नशे में अपनी ही पत्नी के साथ न केवल घर में मारपीट की, बल्कि बीच सड़क पर कार में बैठाकर भी उसे थप्पड़ों से पीटा। आरोपी ने महिला को इंदौर छोड़ने या जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विजयनगर पुलिस के अनुसार, कल्पकामधेनू नगर निवासी शीतल बाई ने अपने पति राजू जायसवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि राजू आए दिन शराब पीकर घर में कलह करता है और उसके साथ अश्लील गाली-गलौज करता है। घटना ११ मार्च की दोपहर करीब ३:३० बजे की है। आरोपी राजू शराब के नशे में धुत होकर घर पहुँचा और बिना किसी बात के शीतल से विवाद करने लगा। गुस्से में उसने पत्नी के बाल पकड़े और उसे हाथ-मुक्कों व लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान शीतल अपनी जान बचाने के लिए गिड़गिड़ाती रही, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा। घर में मारपीट करने के बाद आरोपी बाहर निकल गया। जब शीतल उसके पीछे गई, तो आरोपी ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और पास की गली में ले जाकर फिर से थप्पड़ों से पिटाई की। आरोपी ने जातेजाते धमकी दी कि अगर तू इस घर में रही या इंदौर में कहीं भी दिखाई दी, तो तुझे जान से खत्म कर दूँगा।
