इंदौर शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए इंदौर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत एमजी रोड और ग्वालटोली थाना पुलिस ने दो अलगअलग कार्रवाइयों में तीन शातिर ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से कुल २ लाख रुपये कीमत की अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई है। पुलिस अब इन तस्करों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। एमजी रोड पुलिस द्वारा पत्थर गोदाम रोड पर की गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से १२.५७ ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस मादक पदार्थ की कीमत करीब ५० हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि वह यह खेप कहाँ से लाया था। दूसरी बड़ी सफलता ग्वालटोली थाना पुलिस को मिली। पुलिस ने मिशन अस्पताल मैदान के पास दबिश देकर दो तस्करों को रंगे हाथों पकड़ा। आरोपियों की पहचान इमरान पिता मो. रफीक मुल्तानी निवासी कोयलाबाखल, पंढरीनाथ और फिरोज पिता मोहम्मद शाह निवासी कबूतरखाना के रूप में हुई है। इनके कब्जे से पुलिस ने करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर जब्त की है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज दोनों ही मामलों में संबंधित थानों द्वारा आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए आरोपी शहर के छोटे पेडलर्स को नशा सप्लाई करने का काम करते थे। पूछताछ में शहर के कुछ अन्य इलाकों में सक्रिय ड्रग माफियाओं के नामों का खुलासा होने की संभावना है।
