इंदौर। शहर में अवैध हथियार लेकर घूम रहे दो युवकों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से धारदार हथियार बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। बाणगंगा पुलिस ने बीती रात करीब ८ बजे बाणगंगा ब्रिज के नीचे कार्रवाई करते हुए अमन उर्फ चिकना निवासी पेनजान कॉलोनी को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से एक चाकू बरामद हुआ, जिसकी मूठ पर पीतल जैसी धातु और लकड़ी का हत्था लगा था। पुलिस ने आरोपी के पास से बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। वहीं भंवरकुआं पुलिस ने पिपलियापाला स्थित आरआर गार्डन के सामने रोड से नरेन्द्र तंवर निवासी पिपलियाराव को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से लोहे की धारदार गुप्ती बरामद हुई। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर हथियार जब्त कर लिए हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
