इंदौर
शहर में अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत द्वारकापुरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने देर रात घेराबंदी कर एक युवक को दबोचा, जिसके पास से 6 देशी पिस्तौल और ४ जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, रात करीब १:३० बजे पुलिस टीम सूर्य देव नगर चैकिंग पॉइंट पर मुस्तैद थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में वहां से गुजर रहा था। पुलिस को देख उसने रास्ता बदलने की कोशिश की, जिसे संदेह होने पर टीम ने रोककर उसकी तलाशी ली।तलाशी के दौरान आरोपी के पास से ६ लोहे की देशी पिस्तौल और ४ जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजवीर सिंह पिता उजागर सिंह निवासी ग्राम ओझर जिला बड़वानी बताया। इतनी बड़ी संख्या में हथियारों की मौजूदगी को लेकर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस को अंदेशा है कि वह यह खेप शहर में किसी अपराधी गिरोह को सप्लाई करने के इरादे से आया था।द्वारकापुरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब राजवीर से यह उगलवाने की कोशिश कर रही है कि वह यह हथियार इन्दौर में किसे सौंपा जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
