सम्राट विक्रमादित्य पर आधारित नाट्य प्रस्तुति का मंचन होगा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट रहेंगे
इंदौर
मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग मंत्रालय भोपाल से प्राप्त निर्देशानुसार सृष्टि आरंभ दिवस (वर्ष प्रतिपदा) एवं विक्रम संवत् 2083 के शुभारंभ अवसर पर 19 मार्च गुरूवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों सहित इंदौर जिला मुख्यालय पर भी प्रातः 10 बजे से इंदौर के गांधी हाल में सूर्य उपासना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत सम्राट विक्रमादित्य पर आधारित नाट्य प्रस्तुति का मंचन होगा। आयोजन में मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय भोपाल द्वारा नाट्य/कला दल अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट होंगे।
इस आयोजन को सफल बनाने हेतु जिला स्तर के लिए कार्यक्रम स्थल पर संबंधित विभागों द्वारा प्रकाश एवं ध्वनि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। आयोजन के दौरान “भारत का नववर्ष – विक्रम संवत्” विषयक पुस्तिका का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही इंदौर जिले के प्रमुख मंदिरों एवं स्थलों पर ब्रह्मध्वज स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के माध्यम से ब्रह्मध्वज उपलब्ध कराए गए हैं। इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रहेगी। इस आयोजन में संस्कृति विभाग अंतर्गत स्वराज संस्थान संचालनालय भोपाल का भी सहयोग रहेगा।
