आश्रम की यज्ञशाला में अब तक एक लाख से अधिक आहुतियां संपन्न, अष्टमी-नवमी को होगा सौभाग्यवती एवं कन्या पूजन

इंदौर विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर चैत्र नवरात्रि महोत्सव में चल रहे सग्रहमख शतचंडी महायज्ञ में महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य एवं आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में ललिता सहस्त्रार्चन से 21 विद्वानों द्वारा विश्व शांति एवं जन कल्याण की कामना से विशेष आहुतियां समर्पित की जा रही हैं। महायज्ञ में अब तक एक लाख से अधिक आहुतियां संपन्न हो चुकी हैं। शनिवार को 21 यजमान युगलों ने मां को प्रिय व्यंजनों की आहुतियां समर्पित की। शतचंडी महायज्ञ प्रतिदिन सुबह 9 से 12 एवं दोपहर 2.30 से शाम 6 बजे तक चल रहा है।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि महायज्ञ की पूर्णाहुति राम नवमी 27 मार्च को प्रातः 9 बजे से श्रीराम यज्ञ के शुभारंभ के साथ होगी। दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा, जबिक सग्रहमख शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति अपरान्ह 3 बजे होगी। इसके पूर्व महाष्टमी पर 26 मार्च को महायज्ञ में दुर्गा सप्तशती पाठ द्वारा आहुतियां समर्पित की जाएंगी तथा सौभाग्यवती एवं कन्यापूजन के अनुष्ठान भी होंगे। आश्रम पर चल रहे चैत्र नवरात्रि महोत्सव में प्रतिदिन भगवती का नित्य नूतन श्रृंगार भी किया जा रहा है। आज भी फूलों की रंगोली से किए गए भगवती के श्रृंगार दर्शन हेतु भक्तों का मेला जुटा रहा। आश्रम पर प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से वैदिक संध्या वंदन, 7 बजे से वेदपाठ, राजोपचार, अभिषेक एवं आरती, 9 बजे श्रृंगार आरती, सग्रहमख शतचंडी महायज्ञ, 9.30 बजे रामचरित मानस नवान्ह पारायण, दोपहर 2 बजे सामूहिक दुर्गा सप्तशती पाठ, सायं 6 बजे से ललिता सहस्त्र नामावली से लक्ष्यार्चन आराधना एवं सायं 7.30 बजे 108 दीपों से महाआरती की जा रही है। आश्रम पर हनुमान जयंती महोत्सव की तैयारियां भी शुरू हो गई है। हनुमान जयंती पर सुबह 6 बजे षोडशोपचार पूजन, अभिषेक, चोला श्रृंगार एवं जन्मोत्सव के बाद सांय 7.30 बजे महाआरती तथा प्रसाद वितरण के आयोजन होंगे। संध्या को सुंदर कांड का पाठ रात 8 बजे से होगा।
