यज्ञशाला की परिक्रमा करने पहुंच रहे पीड़ित श्रद्धालु
सुबह से देर रात तक ‘सबके राम’ महोत्सव में प्रतिदिन जुट रहा भक्तों का मेला – सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी बनी आकर्षण का केंद्र

इंदौर
दशहरा मैदान स्थित ‘अवध लोक’ पर चल रहे श्रीराम जन्मोत्सव में प्रतिदिन भक्तों का सैलाब निरंतर बढ़ता जा रहा है। रात्रि में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में जाने-माने कलाकारों की प्रस्तुतियां दर्शकों को आल्हादित कर रही हैं। यहाँ चल रहे लक्ष्मीनारायण महायज्ञ की यज्ञशाला में परिक्रमा करने वाले भक्तों की संख्या भी बढ़ रही है। विद्वान आचार्यों के निर्देशन में यहाँ 16 हजार 108 आहुतियों के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 9 हजार से अधिक आहुतियां समर्पित की जा चुकी हैं। अनेक दिव्यांग, नेत्रहीन, मूक-बधिर एवं अन्य समस्याओं से ग्रस्त पीड़ित श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला की परिक्रमा की। वृन्दावन के प्रेम मंदिर की प्रतिकृति और उसपर की गई विद्युत सज्जा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मंदिर में स्थापित राम दरबार की आरती में सांसद शंकर लालवानी सहित अनेक विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। मेले में परिवार सहित भक्तों के आगमन का सिलसिला शबाब पर पहुंच रहा है। रविवार की रात को राम भक्ति पद गायन की मनोहारी प्रस्तुतियों ने हजारों श्रोताओं को मंत्रमुग्ध बनाए रखा।
सबके राम लोक कल्याण समिति के संयोजक महेन्द्रसिंह चौहान एवं श्रीमती प्रवीणा अग्निहोत्री ने बताया कि दशहरा मैदान पर निर्मित वृन्दावन के प्रेम मंदिर की प्रतिकृति में राम दरबार के दर्शन-पूजन एवं आरती करने के लिए सांसद शंकर लालवानी, ओमेक्स ग्रुप के चेयरमैन राज मल्होत्रा, कपिल चौधरी, रवि चौधरी, भजन गायक संतोष अग्निहोत्री, अभय मानके भी कार्यक्रम स्थल पहुंचे। अतिथियों ने महाआरती में भाग लिया और प्रेम मंदिर के पास बने भव्य रंगमंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आए कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। रविवार रात को यहाँ ख्यात गायक संतोष अग्निहोत्री एवं अभय मानके ने राम भक्ति पर आधारित भजनों की रंगारंग प्रस्तुतियां देकर हजारों श्रोताओं को भाव विभोर बनाए रखा। इसके पूर्व सुबह योग के कार्यक्रम में स्वर्ण पदक प्राप्त बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियां देकर योग की महत्ता को साबित किया। इस दौरान कपिल चौधरी एवं रवि चौधरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोपहर में भारतीय चिकित्सा पद्धति पर आधारित निशुल्क चिकित्सा शिविर में भी 120 लोगों ने पहुंचकर लाभ उठाया। बीती रात मैदान पर पैर रखने की जगह भी नहीं बची थी। दर्शकों के आगमन का आलम यह था कि दशहरा मैदान से चाणक्यपुरी तक के मार्ग पर लम्बी कतारें लगी रहीं। लगभग 1 लाख लोगों ने सबके राम महोत्सव में आकर प्रेम मंदिर, यज्ञशाला, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजन से लेकर देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति के दर्शन किए।
परिवार सहित मेले का आनंद – अवध लोक में परिवार सहित आने वाले बंधुओं के लिए देश के विभिन्न राज्यों के लोकप्रिय व्यंजनों के साथ ही बच्चों के लिए झूले, चकरी, आईस्क्रीम, कुल्फी, लिट्टी चोखा, पूड़ी-श्रीखंड, पूरणपोली, पानीपुरी सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजन भी किफायती दर पर उपलब्ध रहेंगे। करीब 50 स्टाल इन व्यंजनों के लगाए गए हैं। पूर्वोत्तर भारत के कलाकारों एवं महिला उद्यमियों के स्टाल पर आई नई-नई कलाकृतियाँ ग्राहकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रेम मंदिर के सामने रंगीन फव्वारे और सेल्फी पॉइंट पर भी प्रतिदिन दर्शकों का हुजूम उमड़ रहा है।
परिसर की सुरक्षा – सम्पूर्ण मेला स्थल पर 250 सुरक्षा गार्ड एवं क्लोज सर्किट टीवी लगाए गए हैं। प्रतिदिन दो बार मेला स्थल की सफाई, पुलिस चौकी, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, डाक्टर्स की टीम, पेयजल आदि की समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। सम्पूर्ण परिसर का बीमा भी कराया गया है।
आज के कार्यक्रम – दशहरा मैदान पर चल रहे सबके राम महोत्सव में प्रतिदिन सुबह 6 से 8 बजे तक योगासन, 8 से 9 बजे तक गौपूजन, 9 से 11 बजे तक लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, दोपहर में 2 बजे से रात 11 बजे तक मेला, शाम 5 से 7 बजे तक प्रतिदिन भारतीय चिकित्सा पद्धति पंचकर्म से निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, 6 बजे रामधुन, 7 बजे आरती, 8 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। महोत्सव में 27 मार्च तक अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवर 24 मार्च को करीब 20 स्कूलों के बच्चे सुगम संगीत एवं गायन स्पर्धा में शामिल होकर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 25 मार्च को नृत्य नाटिका, 26 को राम अर्चना और 27 मार्च को रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका का आयोजन होगा जिसमें 5 वर्ष से 55 वर्ष आयु तक के प्रतिभागी भाग लेंगे।
