केन्द्रीय साईं सेवा समिति की मेजबानी में चल रही प्रभात फेरी और पालकी यात्रा निकलेगी

इंदौर
शहर के पश्चिमी क्षेत्र स्थित स्कीम 71 के हरिहर नगर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार की सुबह केन्द्रीय साईं सेवा समिति की मेजबानी में निकली साईं बाबा की पालकी और प्रभात फेरी में “येलकोट-येलकोट, जय मल्हार” के जयकारों की गूंज बनी रही। आतिशबाजी, रंगोली, पुष्प वर्षा, दीप सज्जा और जयकारों के बीच मराठी समाज की महिलाओं ने फुगडी खेलकर भजनों पर नृत्य करते हुए बाबा की अगवानी की। साईं भक्त ज्ञानेश्वर-पिंकी होल्कर के निवास पर बाबा की पालकी के पूजन के साथ शुरू हुई यात्रा का हर जगह जबरदस्त स्वागत और पूजन हुआ। शहर के 200 से अधिक साईं मंदिरो से जुड़े भक्तों ने स्कीम 71 क्षेत्र में रहवासियों को मूक परिंदों को ग्रीष्म काल में दाना-पानी देने के लिए सकोरे भी भेंट किए और मार्ग में मिले सफाई मित्रों को फल एवं उपहार भी भेंट किए। मंगलवार को भोई मोहल्ला, रामबाग क्षेत्र में भव्य साईं पालकी यात्रा और प्रभात फेरी के लिए पूरे क्षेत्र को दुल्हन की तरह सजाया गया है।
केन्द्रीय साईं सेवा समिति के अध्यक्ष गौतम पाठक, प्रदीप यादव एवं ज्ञानेश्वर होल्कर ने बताया कि साईं बाबा की सुसज्जित पालकी की एक झलक पाने के लिए भक्तों में होड़ सी लगी रही। इस दौरान भजन गायक प्रदीप परमार और ध्रुव सेठी के भजनों पर साईं भक्त पूरे समय थिरकते रहे। प्रभात फेरी में समीर जोशी, आलोक खादीवाला, मोहन पहलवान, संजय कड़, गोलू पंवार, हर्षदीप राशिनकर, दीपक वालेकर, मनीष वालेकर, दिव्येश होल्कर, निलेश केदारे, अशोक देशमुख, धर्मेन्द्र प्रजापत, कर्मकार मांडलिक, मधुकर बुद्धे, श्याम राव पाचारने सहित सैकड़ों साईं भक्तों ने नाचते-गाते हुए अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। क्षेत्र के साईं भक्तों को सुनील काले, धीरज गोयल, बल्लू राठोर, निक्की चौधरी, उमेश शर्मा, प्रेम अरुण, प्रशांत चावड़ा, राजू अगवाने, विजय अगवाने, विनय यादव, जयदीप फणसे, राहुल चौहान, शंकरलाल चौधरी, राजेश परमार तथा मातृशक्ति की ओर से गंगा मंडवाल, सुनीता, अनु जोशी, निशा चौधरी, निशा चौहान एवं लतिका चंद्रातेरे ने 26 मार्च को राम नवमी पर साईं भक्त ब्रह्मलीन विनिता पाठक की स्मृति में बड़ा गणपति से छत्रीबाग साईं मंदिर तक निकलने वाली साईंराम यात्रा का न्योता भी दिया। आरती के पश्चात प्रसाद वितरण के साथ समापन हुआ।
आज रामबाग भोई मोहल्ला क्षेत्र में – मंगलवार 24 मार्च को सुबह 5.30 बजे से भैरव भवानी मंदिर, भोई मोहल्ला रामबाग चौराहा के पास विनय प्रदीप यादव के निवास से बाबा की पालकी एवं प्रभात फेरी सुबह 5.30 बजे से निकलेगी। यात्रा के लिए पिछले के दिनों से भव्य तैयारियां की जा रही हैं। प्रभात फेरी का पूजन विनय यादव के निवास से प्रारंभ होकर भोई मोहल्ला, रामबाग चौराहा, अर्चना कार्यालय रोड, 15 नंबर स्कूल मेन रोड, मार्तंड चौक, कमाठीपुरा, इमली बाजार, पीर गली से पुनः भोई मोहल्ला माता मंदिर पहुंचेगी जहाँ महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ समापन होगा। यात्रा के लिए समूचे क्षेत्र को रंगोली, दीपों एवं पुष्प सज्जा से सजाया गया है। घर-घर से बाबा की पालकी पर पुष्प वर्षा होगी। 25 मार्च को शाम को बड़ा गणपति से छत्रीबाग साईं मंदिर तक मनुहार यात्रा निकालकर 26 मार्च को राम नवमी के उपलक्ष्य में सुबह 5 बजे साईं भक्त विनिता पाठक की स्मृति में निकलने वाली साईंराम पालकी यात्रा का न्योता दिया जाएगा। समूचे यात्रा मार्ग को बाबा के भक्तों द्वारा विशेष रूप से सजाया जा रहा है।
