इंदौर। ग्राम पिपलिया लोहार स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर, खेड़ापति आश्रम परिसर में महामंडलेश्वर श्री राजगुरु जी महाराज के सान्निध्य में हनुमंत प्रेरणा एवं पत्रकार सम्मान समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर श्री राजगुरु जी महाराज ने बृहद हनुमान मंदिर घाट और गुरुकुल निर्माण की घोषणा करते हुए बताया कि वे समाज और अध्यात्म के कल्याण हेतु आगामी 10 अप्रैल से तीन दिवसीय भू-समाधि लेंगे। उनकी इस घोषणा का उपस्थित जनसमूह ने जयकारों के साथ स्वागत किया।
मुख्य अतिथि इंदौर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व और सत्य की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह टीम पत्रकारिता की गरिमा को नई ऊंचाई तक ले जाएगी।
इंदौर प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी दीपक कर्दम, संजय त्रिपाठी, प्रदीप जोशी, अभिषेक चेंडके, मुकेश तिवारी, मनीष मक्खर, अभय तिवारी, प्रमोद दीक्षित, अंशुल मुकाती, श्याम काम्बले, विजय प्रकाश भट्ट और पूनम शर्मा का समारोह में विशेष रूप से सम्मान किया गया।
अतिथियों का स्वागत बीडी तिवारी एवं संजय अग्रवाल द्वारा पारंपरिक मालवी पगड़ी, दुपट्टा और पुष्पमालाओं से किया गया, जिससे समारोह का वातावरण आत्मीयता और सम्मान की भावना से भर उठा।
इसके साथ ही लक्ष्मीकांत पंडित, शैलेश पाठक, बालकृष्ण मुले, सौरभ पवार, अशोक गौड़, जीतू शिवहरे, विजय रोजिया, नीरज रोजिया, होशियार सिंह और दिव्यांश चौधरी सहित अन्य पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सतीश देवड़ा और अरुण पांडेय ने संयमित और प्रभावशाली शैली में किया, जबकि आभार प्रदर्शन वर्ल्ड हिंदू फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि धर्म, समाजसेवा और पत्रकारिता का संगम ही सच्चे जनजागरण का आधार है।
अंत में सभी अतिथियों को तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया और स्नेहभोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
यह आयोजन विश्वगुरु परिवार एवं वर्ल्ड हिंदू फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
