इंदौर ट्रैफिक हेल्पलाइन शतप्रतिशत समाधान
इंदौर — शहर में यातायात को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में इंदौर यातायात प्रबंधन पुलिस लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में पुलिस द्वारा जारी व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर प्राप्त शिकायती का तत्समय ही शतप्रतिशत निराकरण किया जा रहा है ।
प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से लोकपरिवहन वाहनों और बसों द्वारा सड़क पर सवारियां बैठाने से जाम लगना, सिग्नल बंद होना या उनका टाइम कम होना, दुकानों के बाहर वाहन खड़े होने से यातायात अव्यवस्थित होना, लेफ्ट टर्न बाधित होना, नियम तोड़कर तेज गति से वाहन चलाना और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने जैसी समस्याएं शामिल थीं।
सभी शिकायतों पर पुलिस ने तुरंत कार्यवाही की और यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्यवाही की गई।
अब तक इस हेल्पलाइन पर कुल 310 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 287 का त्वरित निराकरण किया जा चुका है। शेष 23 शिकायतों पर भी अन्य विभागों से समन्वय कर कार्यवाही की जा रही है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करें और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर दें।
