विजयवर्गीय की बड़ी बैठक: महापौरों से वन-टू-वन चर्चा
भोपाल। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सोमवार को मंत्रालय में सभी नगर निगमों के महापौरों और अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत योजना, नमामि गंगे, ई-बस परियोजना, स्वच्छता मिशन और अमृत हरित अभियान जैसी प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।
विजयवर्गीय ने महापौरों से वन-टू-वन चर्चा करते हुए क्षेत्रीय समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए और कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सुझाव विकास की दिशा तय करते हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत आवास निर्माण में तेजी लाने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और लिगेसी वेस्ट निपटान में सुधार, तथा स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
मंत्री ने अमृत और नमामि गंगे योजनाओं के अंतर्गत जल आपूर्ति, सीवेज व्यवस्था और गंगा स्वच्छता कार्यों की समीक्षा करते हुए ई-बस परियोजना को गति देने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने आत्मनिर्भर नगर निकायों की दिशा में कर वसूली, आय वृद्धि, ऊर्जा ऑडिट और वाहन प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने पर बल दिया।
बैठक में मॉडल सड़क परियोजना, पीएम स्वनिधि योजना, फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम, फायर मैनेजमेंट, डीपीसी तैयारियां और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की गई।
