महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं पुजारी पं. व्यास ने किया शुभारंभ – पशु पक्षियों के लिए सकोरों का भी वितरण होगा

इंदौर भीषण गर्मी की शुरुआत को देखते हुए गोल्ड कॉईन सेवा ट्रस्ट ने रणजीत हनुमान मंदिर के बाहर “जल मित्र प्याऊ” की स्थापना कर आम लोगों के साथ ही मूक पशु-पक्षियों की सेवा का अनूठा संकल्प किया है।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं रणजीत हनुमान मंदिर के पुजारी पं. दीपेश व्यास ने इस प्याऊ का विधिवत शुभारंभ करते हुए इस सेवा कार्य की मुक्त कंठ प्रशंसा की। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी संजय अग्रवाल एवं संदीप नागर भी विशेष रूप से उपस्थित थे जिन्होंने नागरिकों को शीतल पेय जल पिलाकर इस सेवा कार्य की शुरुआत की। इस प्रकल्प में संस्था संघ मित्र के पारस सोनगरा, प्रफुल्ल मंत्री, सत्यनारायण राठी एवं अनिल भाई का विशेष योगदान रहा। महापौर प्रतिनिधि और भाजपा के नगर उपाध्यक्ष भारत पारख को इस सेवा कार्य के विस्तार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ट्रस्ट के प्रमुख संजय अग्रवाल ने बताया कि प्याऊ के माध्यम से ट्रस्ट ने इंसानों के लिए स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की सेवा के साथ ही जीवदया का सन्देश देने के लिए सकोरा अभियान भी शुरू करने का निश्चय किया है। इसके लिए दशरथ सेवा आश्रम चाणक्यपुरी के माध्यम से सैकड़ों जल पात्र तैयार किए गए हैं जो भीषण गर्मी के दौरान हर प्यासे कंठ को तृप्ति प्रदान करेंगे। इस सकोरों का वितरण आश्रम आने वाले लोगों को किया जा रहा है ताकि वे शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में उपयुक्त स्थान पर सकोरे रखकर मूक परिंदों के लिए दाना पानी की व्यवस्था का पुण्य प्राप्त कर सकें।
