
इंदौर बिजासन रोड स्थित अविनाशी अखंड धाम आश्रम द्वारा गोमटगिरी के पीछे स्थित ग्राम जम्बूडी हप्सी में संचालित गौशाला के जीर्णोद्धार एवं मंदिर के निर्माण हेतु रविवार 12 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, समाजसेवी विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग, जगदीश बाबाश्री एवं राजेश पंवार के आतिथ्य में गौशाला परिसर में आवश्यक बैठक रखी गई है। गौशाला के लिए मंत्री तुलसी सिलावट ने एक लाख रुपए की सहयोग राशि भेंट कर गौशाला में नलकूप खनन की स्वीकृति प्रदान की है।
आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. चेतन स्वरुप, स्वामी राजानंद एवं व्यवस्था प्रभारी हरि अग्रवाल ने बताया कि जम्बूडी में मंदिर निर्माण एवं गौशाला विस्तार का कार्य जारी है। मंदिर के तीनों शिखर के साथ प्लास्टर का कार्य हो चुका है। अब फ्लोरिंग, मूर्ति स्थापना, प्राण प्रतिष्ठा और गौशाला के विस्तारीकरण सहित कुछ ही कार्य शेष हैं। रविवार को होने वाली बैठक में गौशाला एवं मंदिर के अवलोकन तथा बाकि रहे कामों की समीक्षा पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएँगे।
इस प्रस्तावित मंदिर में भगवान राधा गोविन्द, शिव परिवार एवं हनुमानजी की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। आश्रम से जुड़े भक्त मंडल के पं. योगेन्द्र महंत, नारायण अग्रवाल 420 पापड़वाले, श्रीमती ज्योति प्रतीक श्रीवास्तव, किशोर गोयल एवं अशोक गोयल ने भी गौशाला एवं मंदिर के लिए सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया है। दोनों निर्माण कार्य तेज गति से जारी हैं। इस बीच जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट के प्रतिनिधि अशोक गोयल की अनुशंसा पर गौशाला में नलकूप खनन के लिए एक लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसका संकल्प पत्र मंत्री सिलावट ने महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी चेतन स्वरुप को सौंप दिया है।
