
इंदौर । स्वयं की मेहनत, आत्मविश्वास और शिक्षकों के मार्गदर्शन से सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। 15 अप्रैल 2026 को घोषित हुए सीबीएसई कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में श्री अग्रसेन विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए हैं।
विद्यालय प्रशासन द्वारा इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान और सत्कार किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष रसनिधि कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस घोषणा से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और उत्साह दोगुना हो गया है। गुप्ता ने कहा विद्यार्थियों को आत्मविश्वास और समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए। अच्छे अंक महत्वपूर्ण हैं, लेकिन जीवन में अनुशासन, संस्कार और निरंतर प्रयास भी उतने ही जरूरी हैं। विद्यार्थियों की सफलता उनकी मेहनत का परिणाम है। विद्यालय एवं शिक्षक हमेशा उनके साथ हैं, और हम उन्हें आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग देंगे।
