इन्दौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र स्थित नंदा नगर में देर रात गुंडागर्दी की एक वारदात सामने आई है। मंदिर से दर्शन कर अपने भाई-बहन के साथ घर लौट रही एक महिला और उसके परिजनों को बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में रोककर न केवल गालियां दीं, बल्कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरियादी यशोदा पति विनोद जैन, निवासी छोटी भमोरी की शिकायत पर आरोपी सुमित राठौर और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यशोदा ने बताया कि कल रात करीब 12 बजे वह अपने भाई अमित सिंह और बहन मोनिका के साथ किला मैदान स्थित कालका माता मंदिर में दर्शन कर वापस घर लौट रही थीं। जब परिवार नंदा नगर गली नंबर 7, अनूप टॉकीज के पास पहुंचा, तो उन्हें रास्ते में एक परिचित ‘लाला भैया’ मिल गए। यशोदा और उनके परिजन उनसे बात करने लगे, तभी पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सुमित राठौर अपने साथियों के साथ आया और बिना किसी कारण के गालियां देने लगा। जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया और हाथथप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान जब परिचित लाला भैया ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें भी बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
