कार्यक्रम की दिव्यता को देखते हुए दस समितियों का गठन – विभिन्न दायित्व सौंपे गए
इंदौर, गोयल पारमार्थिक न्यास की मेजबानी में राजीव गांधी चौराहा स्थित शुभकारज गार्डन पर समाज की 75 महिलाओं के करवा चौथ व्रत का संगीतमय उद्यापन गुरुवार, 29 अक्टूबर को शाम 7 बजे से धूमधाम से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की दिव्यता को देखते हुए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।
ट्रस्ट की ओर से श्रीमती कनकलता-प्रेमचंद गोयल, श्रीमती कृष्णा-विजय गोयल, सोनल-अजय आलूवाले एवं श्रीमती निधि-आनंद गोयल ने बताया कि महोत्सव में प्रत्येक व्रतधारी महिला के साथ उनके पति, परिजन एवं अन्य मेहमानों को भी आमंत्रित किया गया है। व्रतधारी 71 महिलाओं के रिश्तेदारों सहित मेहमानों के आगमन सहित करीब 3 हजार समाजबंधु इस उत्सव में शामिल होंगे। इस अवसर पर महिलाओं के लिए विभिन्न आकर्षक एवं करवाचौथ पर आधारित रंगारंग स्पर्धाओं तथा संगीतमय संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। आयोजन पूरी तरह निशुल्क है। कार्यक्रम में शहर के सभी प्रमुख समाजसेवी भी अतिथि के रूप में शामिल होकर व्रतधारी महिलाओं का उत्साहवर्धन करेंगे।
गोयल पारमार्थिक ट्रस्ट द्वारा पिछले छः वर्षों से लगातार करवा चौथ उजमन का यह निशुल्क आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के लिए गठित समितियों में विनिता-ब्रजकिशोर गोयल, श्रीमती सुनीता-अरुण आष्टावाले, आशा-प्रमोद बिंदल, राधा-सतीश गुप्ता, कल्पना-कैलाश बंसल, उषा-राजेश बंसल एवं शुचिता-आशीष अग्रवाल को विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं। महोत्सव की तैयारियां प्रारम्भ हो चुकी हैं। कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के लिए चाँद के दर्शन की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
