
इंदौर में आपदा पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यशाला सम्पन्न, 100 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण
इंदौर
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के होलकर विज्ञान महाविद्यालय स्थित यशवंत सभागार में आज “भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम” के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता एवं क्षमता संवर्धन कार्यशाला सम्पन्न हुई। सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस आयोजन में विभिन्न महाविद्यालयों एवं संस्थानों से आए 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को भूकंप, रेल दुर्घटना, सर्पदंश एवं अग्निकांड जैसी आपदाओं से बचाव और राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्लाटून कमांडर रोहन रायकवार, सुमित खरे एवं निलेश डामोर ने व्याख्यान एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया।
ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए लू एवं हीट स्ट्रोक से बचाव के उपायों पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन उपकरणों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर उनकी व्यावहारिक समझ को और अधिक मजबूत बनाया गया।
कार्यक्रम का संचालन SDERF जिला कमांडेंट राजेश जैन के मार्गदर्शन में हुआ। वहीं जिला आपदा प्रबंधन प्रभारी चरणजीत सिंह हुड्डा (डिप्टी कलेक्टर इंदौर) के सतत मार्गदर्शन ने आयोजन को प्रशासनिक मजबूती प्रदान की।
होलकर विज्ञान महाविद्यालय के स्टाफ ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। संवाद, प्रशिक्षण, प्रत्यक्ष प्रदर्शन और प्रशासनिक समन्वय से परिपूर्ण यह कार्यशाला इंदौर जिले में आपदा पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन की दिशा में एक अनुकरणीय पहल बनकर सामने आई।
