इंदौर
मानपुर और मांगलिया थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग सडक़ हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। मानपुर में जहाँ ट्रक और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं मांगलिया में लापरवाही से रिवर्स लिए जा रहे ट्रक ने एक युवक की जान ले ली। पुलिस ने दोनों मामलों में ट्रक जब्त कर चालकों के खिलाफ सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मानपुर थाना क्षेत्र में 4 मई की रात को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। बाइक पर सवार होकर जा रहे प्रदीप और राजकुमार को सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक एमपी-46 झेडई 4695 ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने जांच के बाद पाया कि ट्रक चालक बेहद लापरवाही से वाहन चला रहा था। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दूसरी घटना क्षिप्रा थाना क्षेत्र के मांगलिया टोल नाके के पास स्थित स्मार्ट सिटी कॉलोनी के सामने की है। यहाँ 10 अप्रैल की दोपहर को धीरज नामक युवक अपनी बाइक से गुजर रहा था, तभी ट्रक एमपी 09 एचजी 3964 के चालक ने अचानक और लापरवाही से वाहन को रिवर्स लेना शुरू कर दिया। पीछे से आ रहे धीरज को संभलने का मौका नहीं मिला और वह ट्रक की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल धीरज को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ हफ्तों चले इलाज के बाद आखिरकार उसने दम तोड़ दिया।
