इंदौर। महाराष्ट्र के नासिक जिले में दिनदहाड़े चाकू से गोदकर हत्या करने वाले एक कुख्यात बदमाश को इंदौर क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर दबोच लिया है। आरोपी नासिक पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए अपना हुलिया बदलकर इंदौर के छोटी ग्वालटोली इलाके में पहचान छुपाकर रह रहा था। डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश त्रिपाठी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपी का नाम राजेन्द्र उर्फ राजा काकवीपुरे है, जो मूल रूप से नासिक के येवला का रहने वाला है। राजेंद्र के खिलाफ नासिक के अडगांव थाने में बीते ९ मई को हत्या का संगीन मामला दर्ज किया गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। नासिक पुलिस की एक विशेष टीम सब-इंस्पेक्टर विकास पंचमुख के नेतृत्व में सुराग जुटाते हुए इंदौर पहुँची थी। स्थानीय क्राइम ब्रांच के साथ साझा की गई जानकारी के आधार पर तकनीकी छानबीन की गई और आरोपी को छोटी ग्वालटोली क्षेत्र से सफलतापूर्वक ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने चेहरे की बनावट और रहन-सहन में काफी बदलाव कर लिया था ताकि स्थानीय लोगों या पुलिस को उस पर शक न हो। हालांकि, पुख्ता इनपुट के चलते पुलिस उस तक पहुँचने में कामयाब रही। गिरफ्तारी के बाद कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए इंदौर पुलिस ने आरोपी को महाराष्ट्र पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। नासिक पुलिस अब आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रवाना होगी, जहाँ उससे हत्या के पीछे की मुख्य वजह और फरारी के दौरान मिले सहयोगियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
